ईडी ने सोना पप्पू मामले में दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए बुलाया
सारांश
Key Takeaways
- ईडी ने सोना पप्पू मामले में समन जारी किया।
- पूछताछ सोमवार को कोलकाता में होगी।
- टीएमसी नेताओं की भूमिका भी जांच में है।
- तलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी और गहने बरामद हुए।
- सोना पप्पू हत्या के प्रयास के मामले में वांछित है।
कोलकाता, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े मामले में हावड़ा के ज्वाइंट कमिश्नर गौरव लाल और भूमाफिया जॉय कामदार को समन जारी किया है। दोनों से सोमवार को कोलकाता में पूछताछ की जा सकती है। ईडी से जुड़े सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ईडी ने हावड़ा के ज्वाइंट कमिश्नर गौरव लाल और भूमाफिया जॉय कामदार को सोमवार को कोलकाता स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है।
वहीं, टीएमसी के नेता भी इस मामले में जांच के दायरे में हैं। सूत्रों का कहना है कि कई टीएमसी नेताओं की भूमिका भी इस मामले में सामने आ रही है, जिसके कारण वे जांच के दायरे में हैं।
हाल ही में ईडी ने कोलकाता में आठ स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था। तलाशी के दौरान लगभग 1.47 करोड़ रुपए की नकदी, लगभग 67.64 लाख रुपए के सोने के गहने और चांदी, साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। तलाशी के दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी भी जब्त की गई, जिसका उपयोग सोना पप्पू करता था।
इसके अलावा, दक्षिण कोलकाता के फर्न रोड स्थित विश्वजीत पोद्दार के घर से एक रिवॉल्वर बरामद की गई, जिस पर 'मेड इन यूएसए' लिखा हुआ था। ईडी ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और निडर चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में प्रवर्तन निदेशालय के योगदान के तौर पर, इसे पश्चिम बंगाल पुलिस विभाग को सौंप दिया गया।
विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू के अलावा अन्य आरोपियों पर दंगा करने, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र व आर्म्स एक्ट उल्लंघन में संलिप्त होने के आरोप हैं। कोलकाता पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे के आधार पर ईडी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ईडी के अनुसार, आरोपित व्यक्तियों, जिनमें विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू भी शामिल है, पश्चिम बंगाल राज्य में संगठित आपराधिक गिरोह की गतिविधियों में संलिप्त थे और सिंडिकेट संचालन के माध्यम से अवैध रूप से भारी धनराशि अर्जित कर रहे थे। सोना पप्पू कोलकाता के गोलपार्क के निकट कंकुलिया रोड पर हुई एक हिंसा के मामले में भी पुलिस की तरफ से वांछित है और वर्तमान में फरार है।