झारखंड बजट 2026-27: 100 नए सीएम स्कूल, चतरा में अंबेडकर विश्वविद्यालय एवं साहिबगंज में एयरपोर्ट
सारांश
मुख्य बातें
रांची, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड की सरकार ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष २०२६-२७ के बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और महिलाओं के सशक्तीकरण से संबंधित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। राज्य में १०० नए ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की जाएगी, जहां २०२७-२८ से सीबीएसई के अनुसार पाठ्यक्रम संचालित होगा।
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में बताया कि पहले से राज्य में ८० सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कार्यरत हैं। इसके अलावा शहीदों के आश्रितों के लिए एक आदर्श विद्यालय की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा गया है। चतरा जिले में डॉ भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना का भी उल्लेख किया गया है। राज्य में ५ नए बालिका आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे; जिनमें से दो धनबाद में और एक-एक पलामू, लातेहार और गढ़वा में स्थापित किए जाएंगे।
महिला सशक्तीकरण के लिए ‘महिला किसान खुशहाली योजना’ की घोषणा की गई है, जिसके लिए २५ करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत महिला किसानों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग, आधुनिक तकनीक और ऑनलाइन-ऑफलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। लातेहार, साहेबगंज और सरायकेला-खरसावां के सदर अस्पतालों को पीपीपी मोड में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा।
सरकार ने कहा है कि अगले वर्ष रिम्स सहित सरकारी मेडिकल कॉलेजों में २२0 एमबीबीएस सीटें बढ़ाई जाएंगी। आगामी चार वर्षों में एमबीबीएस सीटों की संख्या १,०३० से दोगुनी करने का लक्ष्य है। पीजी सीटों को २२५ से बढ़ाकर अगले वर्ष ३२५ और चार वर्षों में ७५० तक पहुंचाने की योजना है। राज्य में ७५० ‘अबुआ दवाखाना’ खोलने का भी लक्ष्य रखा गया है, जहां सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध होंगी।
परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए बिरसा मुंडा हवाई अड्डा के विस्तार हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समझौता किया गया है। रनवे की लंबाई ९,००० फीट से बढ़ाकर १२,००० फीट की जाएगी। इसके अलावा साहेबगंज में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण का प्रस्ताव है। पर्यटन क्षेत्र में रांची के दशम और जोन्हा जलप्रपात पर ग्लास ब्रिज और रोपवे, हुंडरू जलप्रपात रोपवे, रजरप्पा और पतरातू में स्काईवॉक और सोलर बोट, नेतरहाट में ग्लास वॉच टॉवर, देवघर के पुनासी डैम और पलामू के मलय डैम के विकास जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
इस बार बजट में बाल विकास के लिए १३८ योजनाओं के आधार पर १०,७९३.१६ करोड़ रुपये का बाल बजट तैयार किया गया है, जो कुल योजना आकार का १०.७ प्रतिशत है। वहीं १७ विभागों की २३२ योजनाओं के आधार पर ३४,२११.२७ करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया गया है।