खैरागढ़: पुराने नोटों के नाम पर लाखों की ठगी, हरियाणा से एक आरोपी गिरफ्तार
सारांश
मुख्य बातें
दिसपुर, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में छुईखदान पुलिस ने एक बड़ी साइबर ठगी का खुलासा किया है। पुलिस ने हरियाणा के नूंह जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों रुपए का झांसा देकर ठगी कर रहा था।
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब पद्मावतीपुर निवासी नेताराम देवांगन (उम्र 39 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक संदेश आया, जिसमें पुराने नोट के लिए लाखों रुपए मिलने का दावा किया गया। आरोपी ने उन्हें 5 रुपए के पुराने नोट के बदले करीब 37.94 लाख रुपए देने का लालच दिया।
आरोपी ने कई बहानों से पैसे मांगे, जैसे रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग फीस और कस्टम शुल्क। पीड़ित ने विश्वास करते हुए कई बार पैसे ट्रांसफर किए। आरोपी ने नकली नकद वीडियो भी भेजे और पुलिस कार्रवाई के डर दिखाकर और पैसे वसूल किए। इस तरह कुल 11 लाख 70 हजार रुपए की ठगी हो गई।
पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी ने फर्जी सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों का प्रयोग किया। जांच में यह भी सामने आया कि अपराधी ने लगभग 20 बैंक खातों और 30-40 सिम कार्डों का उपयोग किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और हरियाणा पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से 19 वर्षीय आरोपी मोहम्मद जाहिर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और 4 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी ठगी की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल, आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर पुराने नोट या सिक्कों के बदले लाखों रुपए देने के लालच से सतर्क रहें और किसी को भी पैसे भेजने से पहले पूरी तरह से जांच करें।