ईरान की स्थिति पर मंदाना करीमी की चित्कार: 'मैं भी हो सकती थी महसा अमीनी'
सारांश
Key Takeaways
- ईरान की महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की गंभीरता
- मंदाना करीमी के व्यक्तिगत अनुभव और भावनाएं
- महसा अमीनी का मामला और उसकी प्रासंगिकता
- अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की आवश्यकता
- समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता
मुंबई, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। ईरान में जन्मी और भारतीय फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बना रहीं अभिनेत्री मंदाना करीमी ने हाल ही में ईरान की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने ईरान की महिलाओं और लोगों पर हो रहे अत्याचारों के प्रति अपनी पीड़ा साझा की।
अभिनेत्री ने कहा, "मैंने ये बातें केवल सुनी नहीं हैं, बल्कि इन्हें अपने अनुभवों में जिया है। मेरा जन्म ईरान में हुआ था और मैं 18 साल की उम्र तक वहीं रही हूं। लगभग चार साल पहले तक मेरे पास ईरान का पासपोर्ट भी था। इसलिए यह मेरे अपने अनुभव हैं, कोई सुनी-सुनाई कहानी नहीं।"
उन्होंने आगे कहा, "जब मैं ईरान छोड़कर बाहर आई, तब मुझे वहां की असल स्थिति का एहसास हुआ। मेरे कई दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया और कुछ को तो फांसी तक दे दी गई है। 8 जनवरी को हुई सामूहिक हत्याएं बेहद दर्दनाक थीं। मैं चाहती हूं कि आप इसे हमारे नजरिए से भी देखें। एक ईरानी महिला के तौर पर, जिसने वह जिंदगी जी है, मुझे पता है कि यह शासन कितना क्रूर हो सकता है।"
मंदाना ने बताया कि पिछले 48 वर्षों से ईरान के लोग इस शासन से आजादी की कोशिश कर रहे हैं। 8 और 9 जनवरी को लोग सड़कों पर उतरे थे, लेकिन शासन ने एक ही दिन में कई लोगों को मार दिया। उन्होंने कहा, "वहां के लोगों ने अंतरराष्ट्रीय मदद मांगी और कुछ लोगों को मदद भी मिली।"
अभिनेत्री ने कहा, "इसलिए मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि इसे इस नजर से भी देखिए। सिर्फ यह मत पूछिए कि लोग युद्ध क्यों चाहते हैं, बल्कि यह समझने की कोशिश कीजिए कि वे इस समय क्या महसूस कर रहे हैं। लोग यह क्यों कहते हैं कि इजराइल और अमेरिका ईरान पर हमला करे या देश को तबाह कर दे।"
उन्होंने कहा, "ईरान की महिलाओं ने जो दर्द सहा है, वह कल्पना से भी परे है।" मंदाना ने अपनी खुशकिस्मती बताई कि वे 18 साल की उम्र में वहां से निकल आईं। वे कहती हैं, "हर दिन जब मैं अपने दोस्तों और परिवार से वहां की तस्वीरें और खबरें देखती हूं, तो मुझे लगता है कि मैं कितनी खुशकिस्मत थी कि 18 साल की उम्र में वहां से निकल आई, क्योंकि मैं भी महसा अमीनी में से एक हो सकती थी, जो 8 जनवरी को सड़कों पर निकले थे और फिर कभी अपने घर वापस नहीं लौटे। इतना ही नहीं, उनके माता-पिता को तो यह भी नहीं पता कि उनके बच्चों की लाश कहां है।"
महसा अमीनी ईरान की एक 22 वर्षीय कुर्द महिला थीं, जिनकी 2022 में पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। अभिनेत्री ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि कई महिलाएं मुझसे सवाल पूछती हैं, "तुम कैसी महिला हो? तुम्हें उन बच्चों की परवाह नहीं जो स्कूल पर हुए हमले में मारे गए?"
तो मैं उनसे पूछती हूं, "जब मैं जनवरी, फरवरी और मार्च में सड़कों पर लोगों से अपील कर रही थी कि ईरान की आवाज बनो, तब आप कहां थीं? तब आप सब चुप थीं और अब अचानक सबकी राय बन गई है। इसलिए नहीं, धन्यवाद।"