प्रोजेक्ट गंगा: रोजगार सृजन और हाई-स्पीड इंटरनेट का नया युग
सारांश
Key Takeaways
- प्रोजेक्ट गंगा: ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट का विस्तार।
- रोजगार सृजन: 1 लाख से अधिक नए अवसर।
- महिलाओं की भागीदारी: 50%25 सुनिश्चित।
- डिजिटल सेवा प्रदाता: 8,000 से 10,000 युवाओं को प्रशिक्षण।
- आर्थिक सहयोग: युवाओं को ऋण की सुविधा।
लखनऊ, 9 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश सरकार डिजिटल कनेक्टिविटी के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इस क्रम में, ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत प्रदेश में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के विस्तार हेतु स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन और हिंदुजा ग्रुप की सहायक कंपनी वनओटीटी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इस परियोजना के अंतर्गत अगले 2-3 वर्षों में 20 लाख से अधिक घरों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुँचाने का लक्ष्य है, साथ ही न्याय पंचायत स्तर पर 8,000 से 10,000 स्थानीय युवाओं को डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इस प्रयास में महिलाओं की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी को सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर नौकरी और उद्यमिता के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
इस परियोजना के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख से अधिक रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि आज का यह एमओयू उत्तर प्रदेश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक समय था जब भारत को तकनीकी क्षेत्र में पीछे रहने के कारण विकासशील देश के रूप में देखा जाता था, लेकिन पिछले एक दशक में उत्तर प्रदेश में हुए परिवर्तनों ने इस धारणा को बदल दिया है।
आज सबसे बड़ी आवश्यकता नौकरी के अवसरों का सृजन करना है, और यदि यह तकनीक के माध्यम से हो तो यह और भी प्रभावी और स्थायी होता है। प्रोजेक्ट गंगा (गवर्नमेंट असिस्टेड नेटवर्क फॉर ग्रोथ एंड एडवांसमेंट) के अंतर्गत लगभग 20 लाख घरों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुँचाने का लक्ष्य है, जिससे लगभग एक करोड़ लोगों को लाभ होगा। इसके साथ ही 8 से 10 हजार युवाओं को डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा, और महिलाओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुँचने से डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन व्यवसाय, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के नए अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि ब्रॉडबैंड सुविधा गांव-गांव तक पहुंचे और युवाओं को तकनीक आधारित नौकरी मिल सके। डिजिटल उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार आर्थिक सहयोग भी दे रही है।
जनवरी 2024 में शुरू की गई योजना के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज और बिना गारंटी प्रदान किया जा रहा है, जिसका लाभ अब तक एक लाख से अधिक लोग ले चुके हैं। उन्होंने आग्रह किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी भाषा को भी प्रमुखता दी जाए, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक लोग इससे जुड़े सकें। वित्त मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दो से तीन वर्षों में प्रोजेक्ट गंगा उत्तर प्रदेश में डिजिटल सशक्तीकरण और नौकरी सृजन के लिए एक बड़ा आधार बनेगा।
स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल हाईवे का महत्व कई मामलों में भौतिक एक्सप्रेसवे से भी अधिक हो गया है, क्योंकि यही विकास की नई दिशा तय कर रहा है। यह एमओयू डिजिटल डिवाइड और संभावित एआई डिवाइड को कम करने में महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से गांवों तक ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, ओटीटी सेवाएं और हाई-स्पीड इंटरनेट पहुँचेगा।
इससे ग्रामीण युवाओं के लिए डिजिटल सेवाओं, यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से आय अर्जित करने के नए अवसर बनेंगे। साथ ही, टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन शिक्षा, ई-कॉमर्स और डिजिटल स्किलिंग के क्षेत्र में भी तेजी से विकास होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पिछले कई वर्षों से इस दिशा में प्रयास कर रही थी और अब हिंदुजा ग्रुप के सहयोग से यह पहल साकार हो रही है। विशेष रूप से श्रावस्ती, बहराइच और बलरामपुर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुँचने से लोगों के लिए नए आर्थिक अवसर खुलेंगे और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशन लि. के डायरेक्टर विंसले फर्नांडीज ने कहा कि जिस तरह मां गंगा केवल आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि हिमालय से बंगाल की खाड़ी तक करोड़ों लोगों के जीवन और रोजगार का आधार भी है, जिससे कृषि, उद्योग और पेयजल जैसे कई आयाम जुड़े हैं। इसी सोच के साथ इस पहल को ‘प्रोजेक्ट गंगा’ नाम दिया गया है। इस परियोजना के दो प्रमुख स्तंभ युवा एवं महिला सशक्तीकरण हैं। इसके तहत प्रदेश में लगभग एक लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदुजा ग्रुप की सहायक कंपनी वनओटीटी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के चीफ बिजनेस ऑफिसर सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट गंगा’ का उद्देश्य दूर-दराज के अंडर-सर्व्ड और अनसर्व्ड क्षेत्रों तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुँचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हो और रोजगार के नए अवसर तैयार हो सकें। हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध होने से टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल स्किलिंग, ई-कॉमर्स और डिजिटल कंटेंट जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं खुलेंगी।