जब सुनील दत्त ने नरगिस को याद करते हुए छलकाए आंसू
सारांश
Key Takeaways
- नरगिस और सुनील दत्त की प्रेम कहानी अद्वितीय है।
- उनकी शादी 11 मार्च 1958 को हुई थी।
- सुनील दत्त ने नरगिस को आग से बचाया था।
- उनके तीन बच्चे हैं: संजय, प्रिया, और नम्रता।
- नरगिस का निधन 1981 में हुआ।
मुंबई, 11 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम युग की कुछ प्रेम कहानियाँ आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। इनमें से एक अमर कहानी है नरगिस और सुनील दत्त की। ये दोनों प्रतिभाशाली कलाकार अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका रिश्ता आज भी प्यार और समर्पण का प्रतीक बना हुआ है।
आज उनकी शादी की सालगिरह है। 11 मार्च 1958 को इन दोनों ने विवाह किया था। इस अवसर पर सोशल मीडिया पर सुनील दत्त का एक पुराना इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह नरगिस को याद करते हुए भावुक नजर आते हैं।
इंटरव्यू की एक छोटी क्लिप में सुनील दत्त कहते हैं, "मैं अक्सर सोचा करता था कि जब कोई अपना इस दुनिया से चला जाता है, तो इंसान कैसे जी पाता है। लेकिन अब मुझे खुद हैरानी होती है कि अपने सबसे अजीज इंसान के जाने के बाद भी मैं कैसे जी रहा हूं।" यह कहते वक्त उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं और वह भावुक हो उठते हैं।
इस वीडियो क्लिप को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं।
नरगिस और सुनील दत्त की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कथा से कम नहीं थी। इस प्यार की शुरुआत फिल्म 'मदर इंडिया' के सेट पर हुई, जहाँ नरगिस ने मां का किरदार निभाया और सुनील दत्त ने उनके बेटे बिरजू का। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक ऐसा हादसा हुआ जिसने उनके जीवन को बदल दिया।
दरअसल, फिल्म के एक सीन में पुआल के ढेर में आग लगने का दृश्य फिल्माया जा रहा था। अचानक आग बेकाबू हो गई और नरगिस लपटों में घिर गईं। सेट पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सुनील दत्त बिना किसी डर के आग में कूद पड़े और नरगिस को बाहर निकाल लाए। इस घटना में वह खुद भी काफी घायल हो गए। इस घटना ने उन्हें और करीब ला दिया।
हादसे के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी बातचीत और मुलाकातें बढ़ने लगीं। धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़कर प्यार में बदल गया। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्ते को एक नाम दिया और 11 मार्च 1958 को शादी कर ली। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए - संजय दत्त, प्रिया दत्त, और नम्रता दत्त। परिवार में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन सुनील दत्त और नरगिस का साथ हमेशा मजबूत बना रहा।
हालांकि, 1 मई 1981 को नरगिस का कैंसर के कारण निधन हो गया। यह सुनील दत्त और उनके परिवार के लिए एक बहुत बड़ा झटका था।