पेड्रो सांचेज का बड़ा बयान: ईयू में इजरायल के खिलाफ प्रस्ताव लाएगा स्पेन
सारांश
मुख्य बातें
मैड्रिड, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। इजरायल के प्रति मुखर स्पेनिश प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने एक बार फिर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्पेन, यूरोपीय संघ से अंतरराष्ट्रीय कानून के कथित उल्लंघन के कारण इजरायल के साथ अपने एसोसिएशन एग्रीमेंट (संघ समझौता) को समाप्त करने का आग्रह करेगा।
द टाइम्स ऑफ इजरायल ने स्पेनिश मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी। सांचेज ने एंडलूसिया में एक राजनीतिक रैली के दौरान अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, "मंगलवार को, स्पेन की सरकार ईयू के समक्ष एक प्रस्ताव पेश करेगी कि यूरोपीय संघ इजरायल के साथ अपने एसोसिएशन एग्रीमेंट को समाप्त कर दे," जो जून 2000 से लागू है।
स्पेन के प्रधानमंत्री, पिछले कुछ महीनों से, विशेषकर ईरान संघर्ष के बाद, इजरायल की खुलकर आलोचना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इजरायल "अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन कर रहा है" और इसलिए "यूरोपीय संघ का भागीदार नहीं हो सकता।"
यह पहली बार नहीं है जब सांचेज ने इजरायल के खिलाफ अपनी राय व्यक्त की है। इससे पहले, उन्होंने एक्स प्लेटफॉर्म पर अपना विरोध जताया था। उस समय भी उन्होंने इजरायल को एसोसिएशन एग्रीमेंट से अलग करने की बात की थी। यह पोस्ट 8 अप्रैल को लिखी गई थी, जब इजरायल ने लेबनान पर आश्चर्यजनक हमला किया था जिसमें 254 लोगों की जान चली गई थी। उस पोस्ट में लेबनान पर हमले की निंदा की गई थी। उन्होंने एक्स पोस्ट में एसोसिएशन एग्रीमेंट को निलंबित करने की मांग की थी। इतना ही नहीं, लेबनान में तैनात शांति सेना पर हुए हमलों के विरोध में इजरायली डिप्लोमैट्स को भी तलब किया गया था।
28 मार्च से, ईरान संघर्ष के बाद, स्पेन की सरकार अमेरिका और इजरायल के खिलाफ खुलकर बोल रही है। इन रिश्तों में खटास आई है। स्पेन के विदेश मंत्री के बयान की भी काफी चर्चा हुई। विदेश मंत्री जोसे मैनुअल अल्बेरेस ने सदन में सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान पर हमला "आधुनिक सभ्यता की नींव" पर हमला है।
अल्बेरेस ने कहा, "हम ताकत के गलत इस्तेमाल, जबरदस्ती और मनमानी के बजाय तर्क, शांति, समझ और सार्वभौमिक कानून के मानवतावादी आदर्शों पर आधारित सभ्यता पर सबसे बड़े हमले का सामना कर रहे हैं।"
स्पेन लगातार इजरायल पर अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का आरोप लगाता रहा है। वहीं, सांचेज शुरू से ही संघर्ष के खिलाफ रहे हैं। स्पेन ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों को अपने एयरस्पेस देने से भी इनकार कर दिया था।