'डकैत: एक प्रेम कथा' का नया गाना 'रूबरू' हुआ रिलीज, फैंस में जोश
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर की नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' का ताज़ा गाना 'रूबरू' शुक्रवार को 'सोनी म्यूजिक साउथ' के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया।
गाने की शुरुआत जेल की घंटी से होती है, जिसमें जेल के अंदर मौजूद अपराधी और जेलर का एक संक्षिप्त दृश्य दिखाया जाता है। इसके बाद स्क्रीन पर फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर का दृश्य प्रस्तुत किया जाता है।
गाने में अदिवि और मृणाल के बीच की अद्भुत केमिस्ट्री नजर आ रही है। सॉन्ग में मृणाल को एक अमीर लड़की और अदिवि को एक साधारण परिवार के लड़के के रूप में दर्शाया गया है, जहां अभिनेत्री छिपकर अदिवि से मिलने आती है। वहीं, वीडियो में अदिवि मृणाल का इंतज़ार करते और मिलने के मौके की तलाश करते हुए दिखाई देते हैं।
यूट्यूब पर सॉन्ग 'रूबरू' के रिलीज होते ही कुछ घंटों में लाखों व्यूज और कमेंट्स आ चुके हैं। अदिवि और मृणाल के फैंस कपल की केमिस्ट्री को बेहद पसंद कर रहे हैं। लोगों को फिल्म में मृणाल का लुक भी बहुत भा रहा है।
गाने के बोल भास्कर भाटला रविकुमार ने लिखे हैं। सॉन्ग को आवाजें भीम्स सेसिरोलियो और चिन्मयी श्रीपदा ने दी हैं, और म्यूजिक के निर्देशक भीम्स सेसिरोलियो हैं।
'डकैत: एक प्रेम कथा' फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। शेनिल देव द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी एक प्रेमी युगल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां युवक प्रेमिका से मिले धोखे के बाद बदले की राह अपनाता है।
फिल्म में अनुराग कश्यप भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फैंस ट्रेलर और गानों के बाद अब फिल्म के रिलीज का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।