अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट सेवा का उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
सारांश
Key Takeaways
- अंबिकापुर से नई फ्लाइट सेवा की शुरुआत
- दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी उड़ानें
- किराया लगभग 6500 और 6000 रुपए
- बिलासपुर में स्टॉप के साथ उड़ानें
- आदिवासी क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ
रायपुर, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को लेकर एक नई और उत्साहजनक खबर आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट सेवा का उद्घाटन किया। इस समारोह का आयोजन रायपुर से वर्चुअली किया गया, जबकि स्थानीय सांसद चिंतामणि ने दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट पर फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अंबिकापुर का दरिमा एयरपोर्ट कोई नया नहीं है, इसे पहले 1950 में स्थापित किया गया था, लेकिन समय के साथ इसे अपग्रेड किया गया है। 2021 में इसे इस तरह से विकसित किया गया कि यहां 72 सीट वाले विमान आसानी से उड़ान भर सकें। अब नई फ्लाइट सेवाओं के तहत हफ्ते में दो बार दिल्ली और दो बार कोलकाता के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी। विशेष बात यह है कि दोनों रूट में बिलासपुर में एक स्टॉप भी होगा।
किराए की बात करें तो अंबिकापुर से दिल्ली की फ्लाइट का किराया लगभग 6500 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि कोलकाता के लिए यह 6000 रुपए होगा। कोलकाता की फ्लाइट 2 अप्रैल से शुरू होगी और यह गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी।
इस नई सुविधा से अंबिकापुर और पूरे सरगुजा संभाग के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। यह क्षेत्र मुख्य रूप से आदिवासी बहुल है और यहां लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी। अब लोगों का कहना है कि उन्हें लंबी यात्रा से आराम मिलेगा, समय बचेगा और थकान भी कम होगी। इसके अलावा, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
फ्लाइट के टाइम टेबल के अनुसार, सोमवार को दिल्ली से फ्लाइट सुबह 7:50 बजे रवाना होकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और फिर 11:40 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट दोपहर 12:05 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर लगभग 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को भी इसी प्रकार का शेड्यूल रहेगा, बस रूट में थोड़ा बदलाव होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि भविष्य में अंबिकापुर से कोलकाता के अलावा अयोध्या और वाराणसी के लिए भी फ्लाइट शुरू करने की योजना है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर, रायगढ़ और अन्य छोटे शहरों के एयरपोर्ट को भी और विकसित किया जाएगा ताकि पूरे राज्य में बेहतर हवाई नेटवर्क तैयार किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि रायपुर हवाई अड्डे पर जल्द ही एक कार्गो हवाई अड्डा स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2024 को मां महामाया एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था। यह एयरपोर्ट लगभग 365 एकड़ में फैला हुआ है और इसे लगभग 80 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है। इससे सरगुजा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
इसके अतिरिक्त, रविवार को मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइट ऑपरेशन की भी शुरुआत की। उन्होंने खुद बिलासपुर से रायपुर तक पहली नाइट फ्लाइट में सफर किया। डीजीसीए ने 6 फरवरी को इस एयरपोर्ट को रात में उड़ान भरने की अनुमति दी थी।
उन्होंने कहा कि नाइट फ्लाइट शुरू होने से अब इमरजेंसी और मेडिकल सेवाएं भी रात में आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अलावा, व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।