बिहार में नई सरकार का गठन: सीएम सम्राट चौधरी के पास 29 महत्वपूर्ण विभाग
सारांश
Key Takeaways
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 29 विभागों की जिम्मेदारी ली है।
- डिप्टी सीएम को विभिन्न महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं।
- सरकार का गठन प्रशासनिक मजबूती का संकेत है।
पटना, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में नई सरकार का गठन सम्पन्न हो चुका है। अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी किया जा चुका है। सीएम सम्राट चौधरी ने अपने पास कई महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं, जो प्रशासनिक मजबूती का संकेत देते हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, और निर्वाचन सहित कुल 29 विभागों की जिम्मेदारी संभाली है। इसके अलावा, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण समेत 10 विभागों का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, डिप्टी सीएम बिजेन्द्र प्रसाद यादव को ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन समेत 8 विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्रिमंडल सचिवालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अधीन सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन, राजस्व एवं भूमि सुधार, खान एवं भू-तत्व, नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, विधि, उद्योग, पथ निर्माण, कृषि, लघु जल संसाधन, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन, आपदा प्रबंधन, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सूचना प्रावैधिकी, खेल, सहकारिता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, गन्ना उद्योग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और पंचायती राज विभाग शामिल हैं।
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के पास जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जन-सम्पर्क, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा, ग्रामीण विकास, परिवहन और उच्च शिक्षा के विभाग हैं।
वहीं, डिप्टी सीएम बिजेन्द्र प्रसाद यादव के पास ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, वित्त, वाणिज्य-कर, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण और ग्रामीण कार्य विभागों की जिम्मेदारी है।