पंजाब में गगनदीप रंधावा की मौत: भाजपा और अकाली दल ने सरकार पर उठाए सवाल

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
पंजाब में गगनदीप रंधावा की मौत: भाजपा और अकाली दल ने सरकार पर उठाए सवाल

सारांश

पंजाब के गगनदीप रंधावा की संदिग्ध मृत्यु ने विपक्षी दलों को सरकार के खिलाफ एकजुट किया है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन की योजना बनाई है।

मुख्य बातें

गगनदीप रंधावा की मृत्यु पर विपक्षी दलों का एकजुट होना।
भाजपा और अकाली दल का सरकार पर दबाव बनाना।
पीड़ित परिवार के लिए समर्थन की अपील।
सरकार पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप।
न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन की योजना।

चंडीगढ़, 23 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मृत्यु के पश्चात, राज्य के विपक्षी दलों ने सरकार पर तीखा हमला किया है। भाजपा की पंजाब इकाई ने पूरे राज्य में प्रदर्शन का ऐलान किया है, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने पीड़ित परिवार के लिए पंजाब की जनता से समर्थन की अपील की है।

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को एक वीडियो संदेश में कहा, "सरकार अपने मंत्री को उसके गुनाह से बचाने का प्रयास कर रही है। पंजाब की जनता यह सब देख रही है। गगनदीप सिंह रंधावा का परिवार भी अब न्याय के लिए सड़क पर उतरने की बात कर रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को समझ लेना चाहिए कि राज्य की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।"

सुनील जाखड़ ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि भाजपा उनके साथ है। हर स्तर पर न्याय के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। भाजपा पूरे पंजाब में जिलास्तर पर धरना-प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि वे पटियाला में खुद प्रदर्शन में शामिल होंगे और अमृतसर जाकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे।

शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार ने सरकार को 24 घंटे का समय दिया है, जिसके बाद वे कोई ठोस कदम उठा सकते हैं। बावजूद इसके, सरकार पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, "लोगों को परिवार की बात सुननी चाहिए। यह भी देखना चाहिए कि कैसे भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पंजाब की जनता को मूर्ख बना रहे हैं।"

उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, "अगर लालजीत भुल्लर की जगह कोई विपक्षी नेता होता, तो पुलिस अब तक उसके घर पहुंच चुकी होती और गिरफ्तारी कर ली जाती। लेकिन पंजाब में दो कानून चल रहे हैं। आम आदमी और विपक्षी नेताओं के लिए अलग कानून हैं और सत्तापक्ष के लोगों के लिए अलग कानून हैं। गगनदीप सिंह रंधावा के वीडियो के बावजूद मामले में देरी से एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।"

उन्होंने कहा कि राज्य में इस संवेदनशील माहौल के बीच भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल चार दिवसीय गुजरात दौरे पर निकल रहे हैं, जबकि पंजाब में किसी का बेटा या पिता मर जाए, किसी का सुहाग उजड़ जाए, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

पंजाब के लोगों से अपील करते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, "आइए, हम सब मिलकर गगनदीप रंधावा के परिवार का समर्थन करें, ताकि एक काबिल और ईमानदार अधिकारी के परिवार को न्याय मिल सके।"

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

गगनदीप रंधावा कौन थे?
गगनदीप रंधावा पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक थे।
भाजपा और अकाली दल ने क्या किया?
भाजपा ने प्रदर्शन का ऐलान किया है, जबकि अकाली दल ने पीड़ित परिवार के समर्थन की अपील की है।
सरकार पर क्या आरोप हैं?
सरकार पर आरोप है कि वह अपने मंत्री को बचाने की कोशिश कर रही है।
बिक्रम सिंह मजीठिया का क्या कहना है?
बिक्रम सिंह मजीठिया ने सरकार को 24 घंटे का समय दिया है कार्रवाई के लिए।
क्या सरकार ने कोई गिरफ्तारी की है?
अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राष्ट्र प्रेस