क्या गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को जान का खतरा है, मांगी सुरक्षा?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 29 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसने एनआईए कोर्ट में अर्जी देकर कहा है कि उसे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जान का बड़ा खतरा है। एक वीडियो में अनमोल और उसके परिवार को खुली धमकी दी गई थी कि उन्हें मारने की कोशिश की जाएगी।
अनमोल ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसे ऐसी धमकियाँ मिली हैं। मार्च 2025 में जालंधर में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड हमला इसी गैंगस्टर की धमकियों के बाद हुआ था। उस हमले की जिम्मेदारी भी धमकी देने वाले गैंगस्टर ने स्वीकार की थी, जिससे यह खतरा असल और गंभीर है।
अनमोल बिश्नोई वर्तमान में एनआईए की कस्टडी में है और उसने कोर्ट से अनुरोध किया है कि जब भी उसे पेशी के लिए लाया जाए, तो उसे बुलेटप्रूफ गाड़ी में लाया जाए और बुलेटप्रूफ जैकेट प्रदान की जाए। इसके साथ ही, उसकी सुरक्षा और खतरे का विस्तार से आकलन किया जाए।
अनमोल के वकील ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को एक लिखित शिकायत दी है। अनमोल ने यह भी कहा कि उसके परिवार और वकीलों को लगातार डर और तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
19 नवंबर को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटने पर गिरफ्तार किया गया था। वह 2022 से फरार था और एनआईए की 'मोस्ट वांटेड' लिस्ट में था, जिसके लिए 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वह लॉरेंस के टेरर सिंडिकेट का 19वां आरोपी है।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि अनमोल को लुइसियाना से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में लिया गया। अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने 18 नवंबर को बाबा सिद्दीकी हत्या कांड के शिकायतकर्ता जीशान सिद्दीकी को ईमेल करके डिपोर्टेशन की पुष्टि की थी।