'हर घर रक्तदान' के तहत गया में राष्ट्रीय अधिवेशन, सम्मानित होंगी देशभर की संस्थाएं
सारांश
Key Takeaways
- रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास।
- लगभग 200 रक्तदान संस्थाओं का सम्मान।
- विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति।
- रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
गया, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। 'हर घर रक्तदान' अभियान के अंतर्गत शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड ने रविवार को गया जी के हरिदास सेमिनरी ऑडिटोरियम में एक राष्ट्रीय रक्तदान अधिवेशन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूरे देश में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और रक्तदान के क्षेत्र में कार्यरत संगठनों को सम्मानित करना है, ताकि वे हर तीन महीने में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते रहें और समाज में जागरूकता बढ़ाते रहें।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत के 29 राज्यों से लगभग 200 रक्तदान करने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है। भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के वंशज अमित तिवारी आजाद और शहीद क्रांतिकारी वैकुंठ शुक्ला के वंशज अरुण शुक्ला इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त गया जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस अधिवेशन में रक्तदान के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले कई रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। वाराणसी के प्रदीप इलरानी, जिन्होंने 252 बार रक्तदान किया है, और गुजरात के भूपेंद्र देव, जिन्होंने 212 बार रक्तदान किया है, इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा 100 से अधिक बार रक्तदान करने वाले कई अन्य रक्तदाता भी अपने अनुभव साझा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान गया जिले में शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में रक्तदान करने वाले लगभग एक हजार रक्तदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। संस्था का मानना है कि ऐसे आयोजनों से समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और अधिक से अधिक लोग इस नेक कार्य के लिए प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक और सलाहकार समिति के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। मुख्य संरक्षक प्रमोद कुमार भदानी, अनंतं धीश अमन, इकबाल हुसैन, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, अनिल स्वामी, संदीप सिन्हा और देवेश आनंद सहित अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष आकाश चंद्रवंशी और महानगर अध्यक्ष पलु शर्मा ने बताया कि यह अधिवेशन रक्तदान के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए एक प्रेरणादायक मंच साबित होगा और इससे देशभर में रक्तदान के प्रति जागरूकता और बढ़ेगी।