गिरिडीह में विवाहिता की हत्या: दहेज के लिए आरोप, ससुराल वाले फरार
सारांश
मुख्य बातें
गिरिडीह, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के गुवाखदर गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रजीना खातून के रूप में की गई है।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के सदस्यों ने ससुराल पहुंचकर हंगामा किया और पति सहित ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के भाई सद्दाम अंसारी ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें रजीना की मौत की सूचना मिली। जब वे गुवाखदर गांव पहुंचे, तो रजीना का शव घर में पड़ा हुआ था, जबकि उसका पति मिन्हाज अंसारी, सास और ससुर घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
परिजनों के अनुसार, मृतका के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि रजीना का निकाह करीब एक वर्ष पूर्व मिन्हाज अंसारी से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे 50 हजार रुपए मायके से लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। रुपए की मांग न पूरी होने पर अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
सद्दाम अंसारी ने आरोप लगाया है कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी बहन की जान ले ली।
घटना की जानकारी मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार पति तथा अन्य ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।