हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि: योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि
सारांश
Key Takeaways
- हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई।
- योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने उनकी याद में पुष्पांजलि अर्पित की।
- वे एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कुशल राजनेता थे।
- उनका योगदान सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण था।
- उन्हें सादगी और जनसेवा के लिए याद किया जाता है।
नई दिल्ली, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और स्वतंत्रता सेनानी हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर देश के विभिन्न नेताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख नेताओं ने उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर अनेक नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकप्रिय नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि के अवसर पर आज लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।"
उन्होंने आगे कहा कि देश की स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने के लिए श्रद्धेय बहुगुणा ने अद्वितीय कार्य किए। उनकी पावन स्मृतियों को नमन।
मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि है। मैं इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश की जनता-जनार्दन की ओर से उनकी स्मृतियों को नमन कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बहुगुणा ने राज्य से लेकर केंद्र तक समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री धामी ने बहुगुणा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे एक दूरदर्शी नेता और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। शासकीय आवास पर महान स्वतंत्रता सेनानी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री 'हिमालय पुत्र' हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
हेमवती नंदन बहुगुणा केवल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कुशल राजनेता भी थे। 25 अप्रैल 1919 को जन्मे बहुगुणा ने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाई और बाद में उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे 1973 से 1975 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्हें उनकी सादगी, जनसेवा और दृढ़ संकल्प के लिए जाना जाता है।