क्या आतिशी ने सिख गुरु का अपमान किया? असली वीडियो सार्वजनिक किया जाए: आम आदमी पार्टी
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 8 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। आम आदमी पार्टी ने भाजपा द्वारा लगाए गए उन आरोपों को पूरी तरह से नकार दिया है, जिसमें कहा गया था कि दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी पर सिख गुरु का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। ‘आप’ के नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष को एक पत्र भी भेजा है।
पत्र में आम आदमी पार्टी ने भाजपा नेता कपिल मिश्रा के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की। ‘आप’ नेताओं ने यह स्पष्ट किया कि ये आरोप राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते। ‘आप’ नेता संजीव झा, मुकेश अहलावत और विधायक जरनैल सिंह ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में इस पूरे मामले की जानकारी दी।
आम आदमी पार्टी के नेता संजीव झा ने कहा कि हमने विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में तीन मुख्य मांगें की हैं, जिनमें सबसे पहले भाजपा नेता कपिल मिश्रा की सदस्यता रद्द करने की मांग शामिल है। संजीव झा का कहना है कि कपिल मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर झूठे वीडियो साझा किए हैं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि सभी भाजपा विधायकों की सदस्यता छह महीने के लिए रद्द की जाए, जिन्होंने अध्यक्ष को पत्र लिखा है। साथ ही वह वीडियो सार्वजनिक किया जाए, जिसके आधार पर यह दावा किया गया है कि विवादित टिप्पणी की गई, ताकि जनता को इस मामले की सच्चाई का पता चल सके।
भाजपा द्वारा आतिशी से माफी की मांग पर संजीव झा ने कहा कि असल में माफी भाजपा को मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने अपनी राजनीतिक स्वार्थ के लिए सिख गुरु का नाम लिया है।
उन्होंने कहा कि हमें विधानसभा स्पीकर ने आश्वासन दिया है कि इस मामले को संज्ञान में लेने के बाद त्वरित कार्रवाई की जाएगी। हमने दो वीडियो चलाए हैं, जिनमें हमने यह दिखाने की कोशिश की है कि मूलतः आतिशी ने क्या कहा था और किस प्रकार इन लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए इसमें बदलाव किया। हमें पूरा विश्वास है कि जब हमें रॉ वीडियो उपलब्ध कराया जाएगा, तो सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।
‘आप’ विधायक मुकेश अहलावत ने भी आरोप लगाया कि भाजपा के सदस्यों ने भ्रामक वीडियो बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। हमारी मांग है कि इस पूरे मामले का असली वीडियो सार्वजनिक किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
‘आप’ विधायक जरनैल सिंह ने वीडियो को भ्रामक बताते हुए कहा कि भाजपा के सदस्यों ने भ्रामक वीडियो सार्वजनिक कर दिल्ली की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है, जिसे किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जा सकता।
दूसरी ओर, भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने भी पत्रकारों से बातचीत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। आतिशी अगर हिम्मत करतीं, तो वे सदन का सामना करतीं, लेकिन दुःख की बात है कि वे सदन से गायब हैं।
उन्होंने कहा कि आतिशी ने जो किया है, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता। जब से 1947 में हमारे सिख गुरु का अपमान नहीं हुआ, तब से ऐसा नहीं हुआ। मैं अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि अगर वे इस मामले का समर्थन करते हैं, तो गुरु पर श्रद्धा रखने वाला कोई भी व्यक्ति उन्हें माफ नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को शर्म आनी चाहिए। आतिशी ने एक पाप किया है। अरविंद केजरीवाल उनके समर्थन करके उससे भी बड़ा पाप कर रहे हैं।