मुंबई में एप्पल की नकली मोबाइल एक्सेसरीज रैकेट का भंडाफोड़, 6 दुकानदारों पर कार्रवाई
सारांश
Key Takeaways
- मुंबई पुलिस ने एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया।
- 16.33 लाख रुपए के नकली सामान को जब्त किया गया।
- 6 दुकानदारों पर कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
- एप्पल के लोगो और डिजाइन का बिना अनुमति उपयोग किया जा रहा था।
- पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुंबई, 20 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई पुलिस ने नकली ब्रांडेड उत्पादों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए घाटकोपर क्षेत्र में एक संगठित मोबाइल एक्सेसरीज रैकेट का पर्दाफाश किया है। पंतनगर पुलिस स्टेशन की टीम ने छापेमारी के दौरान एप्पल ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे लगभग 16.33 लाख रुपए के नकली सामान को जब्त किया। इस मामले में 6 दुकानदारों पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी मिली थी कि घाटकोपर पूर्व के पटेल चौक और निलयोग मॉल में कुछ दुकानों पर एप्पल इंक के नाम से फर्जी मोबाइल एक्सेसरीज बेची जा रही हैं। पुलिस ने एक विशेष योजना बनाई और अपनी टीम को 6 अलग-अलग समूहों में बांटकर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान 6 दुकानों पर कार्रवाई की गई, जहां से नकली सामान बरामद हुआ। जब्त किए गए माल में मोबाइल चार्जर, एडॉप्टर, यूएसबी केबल, मोबाइल कवर, बैक पैनल, ईयरफोन, एयरपॉड्स और बैटरियां शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी उत्पाद एप्पल ब्रांड की हूबहू नकल कर तैयार किए गए थे और ग्राहकों को असली बताकर बेचे जा रहे थे।
इस कार्रवाई में एप्पल कंपनी की टीम भी शामिल रही। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों ने मौके पर ही जांच कर पुष्टि की कि बरामद किया गया सामान नकली है। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण और तकनीकी पहचान का उपयोग किया गया।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी बिना किसी अधिकृत अनुमति के एप्पल के लोगो और डिजाइन का इस्तेमाल कर रहे थे। वे सस्ते दामों पर नकली सामान खरीदकर उसे असली बताकर ऊंची कीमतों पर बेचते थे।
पुलिस ने सभी 6 दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त किए गए सामान को सील कर आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में नकली ब्रांडेड सामान के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।