मुंबई में एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई: सहायक पुलिस निरीक्षक रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- 1.5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए सहायक पुलिस निरीक्षक की गिरफ्तारी।
- भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की महत्वपूर्ण कार्रवाई।
- तुषार काले पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
- मामले की आगे की जांच जारी।
मुंबई, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की मुंबई शाखा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए खार पुलिस स्टेशन में तैनात सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) को 1.5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय तुषार काले के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त अधिकारी को बांद्रा स्थित चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश पर एक संपत्ति विवाद से संबंधित मामले की जांच का कार्य सौंपा गया था। उसे मामले की जांच कर कोर्ट में रिपोर्ट पेश करनी थी। जांच के दौरान, तुषार काले ने शिकायतकर्ता से अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले पहले 3 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। यह मामला शिकायतकर्ता के भाई से जुड़े संपत्ति विवाद से संबंधित था, जिसमें वह अपने पक्ष में फैसला चाहता था।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के भाई का बयान दर्ज करने के बाद काले ने इशारों में रिश्वत की मांग की और कहा कि हमारी तरफ भी ध्यान दें। जब शिकायतकर्ता ने सीधे उससे मुलाकात की, तो काले ने स्पष्ट रूप से 3 लाख रुपए की मांग की, ताकि वह अपनी जांच रिपोर्ट को प्रभावित कर सके। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। बातचीत के दौरान आरोपी अधिकारी ने 3 लाख से घटाकर 1.5 लाख रुपए लेने पर सहमति जताई। तय योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने काले को 1.5 लाख रुपए दिए, एसीबी टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और इसमें अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।