एनसीआर में ७-८ अप्रैल को मौसम में होगा बदलाव, बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान

Click to start listening
एनसीआर में ७-८ अप्रैल को मौसम में होगा बदलाव, बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान

सारांश

अगले कुछ दिनों में एनसीआर का मौसम बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ७ और ८ अप्रैल को तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है। जानें और क्या कहता है मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान।

Key Takeaways

  • मौसम में बदलाव: ७-८ अप्रैल को मौसम में बदलाव की संभावना।
  • बारिश: तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना।
  • तापमान में गिरावट: न्यूनतम तापमान में २-३ डिग्री की कमी।
  • वायु गुणवत्ता में सुधार: बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद।

नोएडा, ६ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, ७ और ८ अप्रैल को क्षेत्र में तेज हवाएं, बादल छाए रहना और बारिश तथा कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

इससे पूर्व ६ अप्रैल को मौसम सामान्य बना रहा, जिसमें न्यूनतम तापमान २१ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान ३३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, ७ अप्रैल को न्यूनतम तापमान २० डिग्री और अधिकतम ३१ डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि ८ अप्रैल को तापमान और गिरकर न्यूनतम १८ डिग्री तथा अधिकतम ३१ डिग्री तक पहुंच सकता है।

इन दोनों दिनों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ९ अप्रैल को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि १० और ११ अप्रैल को मौसम साफ रहने का अनुमान है और तापमान धीरे-धीरे बढ़कर ३३ से ३४ डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम में इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है, जिसके चलते एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में हवाओं की गति बढ़ेगी और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

खासकर न्यूनतम तापमान में २-३ डिग्री तक की कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का अनुभव हो सकता है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की स्थिति भी पहले से बेहतर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, ९० प्रतिशत से अधिक क्षेत्र “यलो जोन” यानी मध्यम श्रेणी में हैं, जिससे लोगों को राहत मिली है।

नोएडा के सेक्टर-१२५ में एक्यूआई २१७ दर्ज किया गया, जो कि खराब श्रेणी में आता है, जबकि सेक्टर-६२ में १२०, सेक्टर-१ में १३४ और सेक्टर-११६ में १५२ एक्यूआई दर्ज किया गया। दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में भी एक्यूआई मध्यम स्तर पर बना हुआ है। आनंद विहार में २१२, अशोक विहार में ११८, बवाना में १४३, चांदनी चौक में ११० और आरके पुरम/सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में १३४ एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

इसी प्रकार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम में १४९, संजय नगर में १६७ और वसुंधरा में १५८ एक्यूआई दर्ज किया गया है। मौसम विभाग और प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में और सुधार हो सकता है।

Point of View

आगामी मौसम परिवर्तन एनसीआर के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान न केवल मौसम को प्रभावित करेगा, बल्कि वायु गुणवत्ता में भी सुधार ला सकता है।
NationPress
06/04/2026

Frequently Asked Questions

क्या ७ और ८ अप्रैल को बारिश होगी?
हां, मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ७ और ८ अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
एक्यूआई की स्थिति कैसी है?
एनसीआर में अधिकांश क्षेत्र 'यलो जोन' में हैं, जिससे वायु गुणवत्ता सामान्य है।
तापमान में कितना परिवर्तन होगा?
७ अप्रैल को न्यूनतम तापमान २० डिग्री और ८ अप्रैल को १८ डिग्री तक गिर सकता है।
Nation Press