प्रियांक खड़गे ने भाजपा पर किया हमला, एआई समिट को बताया कुप्रबंधन का शिकार
सारांश
मुख्य बातें
बेंगलुरु, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खड़गे ने एआई इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध को लेकर भाजपा की आलोचना का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग इस विरोध प्रदर्शन को अत्यधिक बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर रहे हैं। इस बात को वे भूल रहे हैं कि किस प्रकार नितिन गडकरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान विरोध प्रदर्शन किया था, जिसका अब कोई उल्लेख नहीं हो रहा है।
प्रियांक खड़गे ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के लोग इस मुद्दे को इसलिए बढ़ा रहे हैं क्योंकि वे अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं। पूरी दुनिया आज भाजपा की विफलताओं से परिचित न हो जाए, इसलिए यह सब प्रपंच रचा जा रहा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि देश की जनता इसे भलीभांति समझती है।
उन्होंने आगे कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि एआई समिट पूरी तरह से कुप्रबंधन का शिकार हुआ है। ऐसे में यह जानना आवश्यक है कि इसमें भाग लेने वाले लोगों की क्या राय है। हमें यह जानना चाहिए कि इस समिट में शामिल निवेशकों और डेलीगेट्स के विचार क्या हैं।
प्रियांक खड़गे ने कहा कि भाजपा के लोग विरोध प्रदर्शन पर अपनी बातें रख रहे हैं, लेकिन वे यह क्यों भूल रहे हैं कि जब कर्नाटक में कोई कार्यक्रम आयोजित होता है, तो भाजपा के लोग काला झंडा लेकर विरोध करने पहुँच जाते हैं। यह दुखद है कि ऐसे लोग अपनी अंदरूनी खामियों को नहीं देख पा रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी के कर्नाटक दौरे का भी जिक्र किया और कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, तब राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा ने किस प्रकार विरोध प्रदर्शन किया था।
प्रियांक खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के कुप्रबंधन ने उनकी विफलताओं को उजागर किया है, लेकिन यह अफसोस की बात है कि वे अपने इन विफलताओं को स्वीकार करने से कतराते हैं। उन्होंने कांग्रेस विधायकों द्वारा शीर्ष नेतृत्व को लिखे पत्र पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी होना गलत नहीं है, सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन यह जानना जरूरी है कि आप अपनी बात शीर्ष नेतृत्व के सामने किस तरह रखते हैं। यदि आपको अपनी बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुँचानी है, तो आप इसे कर सकते हैं।