समालखा में १३ से १५ मार्च को आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की महत्वपूर्ण बैठक
सारांश
Key Takeaways
- बैठक १३ से १५ मार्च को समालखा में होगी।
- संघ की शताब्दी और सामाजिक परिवर्तन पर चर्चा होगी।
- आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारी और 1489 कार्यकर्ता शामिल होंगे।
नई दिल्ली, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा इस साल समालखा, हरियाणा में युगाब्द ५१२७, विक्रम संवत् २०८२, चैत्र कृष्ण दशमी (द्वि-दिवसीय), एकादशी के संदर्भ में १३, १४ एवं १५ मार्च को आयोजित की जा रही है। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने मंगलवार को यह जानकारी साझा की।
सुनील आंबेकर द्वारा जारी किए गए एक प्रेस नोट में बताया गया कि संघ की दृष्टि से यह सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली बैठक होती है। हर साल आयोजित की जाने वाली बैठक इस वर्ष ग्रामविकास एवं सेवा साधना केन्द्र, पट्टीकल्याणा, समालखा (हरियाणा) में होगी।
इस साल संघ की शताब्दी के मद्देनजर, शताब्दी निमित्त आयोजित विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क, हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिक गोष्ठी, और सामाजिक सद्भाव की बैठकों आदि कार्यक्रमों की विशेष चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधि सभा में पिछले वर्ष 2025-26 के संघ कार्य की समीक्षा और प्रांतों में हुए विशेष कार्यों का निवेदन होगा।
बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। संघ शाखाओं द्वारा अपेक्षित सामाजिक परिवर्तन के कार्यों और विशेष रूप से पंच परिवर्तन के प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। संघ शिक्षा वर्ग और कार्यकर्ता विकास वर्ग सहित अन्य प्रशिक्षण वर्गों की योजनाओं पर विचार-विमर्श और आगामी वर्ष की संघ कार्य योजना का निर्धारण किया जाएगा।
बैठक में आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सभी सह सरकार्यवाह एवं अन्य पदाधिकारियों सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से निर्वाचित प्रतिनिधि, प्रांत व क्षेत्र स्तर के प्रमुख पदाधिकारी सहित कुल 1489 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अपेक्षित है। बैठक में संघ प्रेरित विविध 32 संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री एवं संगठन मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।