क्या धर्मशाला में भारतीय गेंदबाजों ने साउथ अफ्रीका को महज 117 रन पर आउट किया?
सारांश
मुख्य बातें
धर्मशाला, 14 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। साउथ अफ्रीका ने रविवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में चल रहे तीसरे टी20 मैच में भारत को जीत के लिए 118 रन का सरल लक्ष्य प्रदान किया है। दोनों टीमें 5 मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी पर हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पास इस मैच को जीतकर फिर से बढ़त बनाने का शानदार अवसर है।
मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने अपनी पारी की अंतिम गेंद पर महज 117 रनों पर सिमट गई।
साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। इस टीम ने चौथी गेंद पर ही रीजा हेंड्रिक्स (0) के रूप में पहला विकेट खो दिया। दूसरे ओवर में ही टीम को क्विंटन डी कॉक (1) के रूप में बड़ा झटका लगा। चौथे ओवर में देवाल्ड ब्रेविस (2) भी चलते बने।
मेहमान टीम ने 3.1 ओवरों में 7 के स्कोर पर अपने तीन विकेट खो दिए थे। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी कर टीम को 30 रन तक पहुंचाया, लेकिन यहां स्टब्स (9) ने भी अपना विकेट गंवा दिया।
44 के स्कोर तक 5 विकेट गंवाने के बाद साउथ अफ्रीका के लिए संभलना मुश्किल हो गया था। हालांकि, कप्तान मार्करम ने दूसरे छोर पर मोर्चा संभालते हुए 46 गेंदों में 2 छक्के और 6 चौकों के साथ 61 रनों की शानदार पारी खेली। इनके अलावा, डोनोवान फरेरा ने 20 रनों का योगदान दिया।
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट प्राप्त किए, जबकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट निकाला।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे हैं। बुमराह निजी कारणों से अपने घर लौट गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया है कि लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले शेष दो मुकाबलों के लिए उनकी उपलब्धता पर जल्द अपडेट दिया जाएगा।
बुमराह के अलावा, इस मैच में ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नहीं खेल रहे हैं। बीसीसीआई ने बताया है कि यह खिलाड़ी बीमारी के कारण इस मुकाबले का हिस्सा नहीं है।