टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी हार, साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हराया
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप-2026 के सुपर-8 मैच में 76 रन की एक बड़ी हार का सामना करना पड़ा। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारतीय टीम की रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है।
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम केवल 111 रन पर सिमट गई, जो कि 18.5 ओवर में हुआ।
इससे पहले भारत ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिजटाउन में 49 रन से हार का सामना किया था। 2016 में टीम इंडिया को नागपुर में न्यूजीलैंड से 47 रन की हार झेलनी पड़ी थी।
यह साल 2019 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड से 80 रन की हार के बाद सभी टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है।
यह टी20 वर्ल्ड कप 2022 में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हारने के बाद से किसी मल्टी-नेशन टी20 टूर्नामेंट में भारत की पहली हार है। इस दौरान टीम इंडिया ने 23 मैच खेले, जिसमें से 21 जीते, एक मैच बेनतीजा रहा और केवल एक में हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल गंवाया था। उस मुकाबले के बाद से यह आईसीसी इवेंट्स के सभी फॉर्मेट में भारत की पहली हार है।
अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन की पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
इसके जवाब में भारत की तरफ से शिवम दुबे ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत की ओर नहीं ले जा सके। विपक्षी टीम के मार्को जानसेन ने 22 रन देकर 4 विकेट निकाले।