वीरेंद्र सहवाग ने रहाणे के बर्ताव पर किया टिप्पणी, खिलाड़ियों को नहीं कहनी चाहिए ऐसी बातें
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है। कप्तान अजिंक्य रहाणे पहले तीन मैचों में संघर्ष करते दिखे हैं। जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रहाणे से उनके स्ट्राइक रेट के बारे में सवाल पूछा गया, तो वह भड़क उठे। इस पर भारत के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि खिलाड़ियों को इस प्रकार की बातें नहीं करनी चाहिए।
सहवाग ने 'क्रिकबज' से बातचीत करते हुए कहा कि रहाणे को इस तरह की आलोचना का जवाब बल्ले और अपने प्रदर्शन के माध्यम से देना चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि खिलाड़ियों को इस तरह की टिप्पणियाँ करनी चाहिए। मैं समझता हूँ कि रहाणे कप्तान हैं और उनसे कैमरून ग्रीन के गेंदबाजी न करने के कारण के बारे में भी पूछा गया था। रहाणे का कोई सीधा उत्तर नहीं था, इसलिए उन्होंने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए। मैं इसे समझता हूँ। हालाँकि, अगर कोई मेरे स्ट्राइक रेट या बल्लेबाजी शैली पर सवाल उठाता है, तो यह लोगों का काम है - तारीफ और आलोचना करना। आपको इस स्थिति में सामान्य रहना चाहिए, चाहे वह आपकी तारीफ हो या आलोचना।"
सहवाग ने रहाणे को सलाह दी कि उन्हें इस प्रकार की जुबानी जंग में नहीं उलझना चाहिए। उन्होंने कहा, "रहाणे आलोचनाओं का जवाब दे रहे थे, लेकिन अमिताभ बच्चन ने भी कभी आलोचना का जवाब नहीं दिया है। सचिन तेंदुलकर का बड़ा उदाहरण क्या ही होगा, जब एक अखबार ने उनके लिए 'एंडुलकर' लिखा था।"
गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे से उनके स्ट्राइक रेट को लेकर कठिन सवाल पूछा गया था। उन्होंने उत्तर दिया, "मेरा स्ट्राइक रेट? 2023 में मेरा स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है। जो लोग मेरे स्ट्राइक रेट के बारे में बात कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे हैं या उनका मुझसे कोई विशेष मकसद है। वे मुझे खेलता हुआ नहीं देखना चाहते हैं।" रहाणे ने इस सीजन में अब तक खेले 3 मैचों में 148 के स्ट्राइक रेट से 83 रन बनाए हैं।