टी20 वर्ल्ड कप 2026: वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराकर दर्ज की शानदार जीत
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तहत सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम पर हुए मैच में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया। यह वेस्टइंडीज की टी20 विश्व कप में रनों के मामले में दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
जिम्बाब्वे टीम ने वेस्टइंडीज द्वारा निर्धारित 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए संघर्ष किया। इस दौरान उनका बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। ग्रुप स्टेज में शानदार फॉर्म दिखाने वाले ब्रायन बेनेट केवल 5 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर-बल्लेबाज मारुमानी भी 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
डायोन मायर्स ने 15 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के के साथ 28 रन बनाए। हालांकि, रयान बर्ल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। कप्तान सिकंदर रजा ने 20 गेंदों में 27 रन बनाये, जबकि ब्रायन इवांस ने 21 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल थे। लेकिन, उनके प्रयासों के बावजूद जिम्बाब्वे की टीम 147 रन बनाकर ढेर हो गई।
गेंदबाजी में वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती और अकील हुसैन ने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को परेशान किया। गुडाकेश ने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अकील ने 28 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए।
इससे पहले, वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। टीम के लिए शिमरोन हेटमायर ने 34 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रन का योगदान दिया। शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 31 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज सुपर-8 के ग्रुप एक में पहले स्थान पर पहुँच गई है। उनका अगला मुकाबला साउथ अफ्रीका से 26 फरवरी को होगा।