हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल: 8 अप्रैल तक ऑरेंज अलर्ट का प्रभाव
सारांश
Key Takeaways
- पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आ रहा है।
- 3 और 4 अप्रैल को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
- 8 अप्रैल को भी बारिश की संभावना है।
- ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी संभव है।
- सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शिमला, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। हिमाचल प्रदेश के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने जानकारी दी है कि शुक्रवार की देर शाम से राज्य में एक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से 4 अप्रैल की रात तक कई क्षेत्रों में बादलों की गड़गड़ाहट, बिजली की चमक और मध्यम बारिश की संभावना है।
संदीप शर्मा ने बताया, "शुक्रवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू होगा। इसके चलते 3 और 4 अप्रैल की रात तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।"
उन्होंने बताया कि 3 और 4 अप्रैल को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अन्य क्षेत्रों में तेज बारिश और हवाएं चल सकती हैं, जिसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 से 7 अप्रैल के बीच मैदानी क्षेत्रों जैसे कि ऊना, बिलासपुर, और हमीरपुर में और मध्य पहाड़ी जिलों (कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, और शिमला) में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ये गतिविधियां 7 अप्रैल तक जारी रह सकती हैं।
संदीप शर्मा ने कहा, "8 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ का आगमन होगा। इस दिन कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश की गतिविधि शुक्रवार शाम से शुरू होकर 4 अप्रैल की रात तक रहेगी और फिर 8 अप्रैल की रात से दोबारा सक्रिय हो सकती है।"
उन्होंने आगे कहा, "बारिश के दौरान, मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश संभव है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने का खतरा भी बना रहेगा।"