जशपुर में चार्टर्ड प्लेन क्रैश की खबर निकली महज अफवाह, प्रशासन ने किया खंडन
सारांश
मुख्य बातें
जशपुर, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को चार्टर्ड प्लेन के क्रैश होने की सूचना केवल एक अफवाह सिद्ध हुई है। जशपुर के कलेक्टर रोहित व्यास ने मौके पर पहुंचकर जांच करने के बाद बताया कि ऐसी कोई दुर्घटना नहीं हुई है।
कुछ समाचार चैनलों और वेब पोर्टलों पर यह सूचना फैल गई थी कि जशपुर के नारायणपुर की पहाड़ियों में एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया है। जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत जांच शुरू की गई। कलेक्टर रोहित व्यास स्वयं मौके पर पहुंचे, उनके साथ पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम भी मौजूद थी। टीम ने पहाड़ी क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन कहीं भी प्लेन के मलबे या दुर्घटना के कोई निशान नहीं मिले।
प्रशासन ने केवल जमीनी स्तर पर ही नहीं, बल्कि ड्रोन के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की। इसके बावजूद, प्लेन क्रैश जैसी किसी भी घटना का कोई सबूत नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) रायपुर, भुवनेश्वर और रांची से भी संपर्क किया। वहां से भी किसी विमान के लापता होने या क्रैश होने की कोई जानकारी नहीं मिली।
कलेक्टर रोहित व्यास ने राष्ट्र प्रेस को बताया कि मीडिया के माध्यम से एक प्लेन क्रैश की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम पहुंच गई। टीम ने पहाड़ियों का हर कोना छानबीन की और अभी भी छानबीन का कार्य जारी है। ड्रोन के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र में निरंतर सर्विलेंस किया जा रहा है। ड्रोन सर्विलेंस और छानबीन में अब तक प्लेन क्रैश जैसी किसी भी घटना का कोई सबूत नहीं मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन ने एटीसी रायपुर, एटीसी भुवनेश्वर और एटीसी रांची से लगातार संपर्क बनाए रखा है। अभी तक किसी भी प्लेन के लापता होने या प्लेन क्रैश होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। न ही किसी प्रकार का कोई सबूत उपलब्ध हुआ है।