सोनभद्र: मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की दुखद मौत
सारांश
Key Takeaways
- सोनभद्र में मिट्टी का टीला ढहा
- तीन महिलाओं की मृत्यु
- दो महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया
- पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया
- स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा उपायों की आवश्यकता बताई
सोनभद्र, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार की सुबह एक भयानक हादसा हुआ है। थाना म्योरपुर क्षेत्र में स्थित ग्राम किरवानी के जंगल में मिट्टी निकालने के दौरान एक मिट्टी का टीला ध्वस्त हो गया, जिससे तीन महिलाओं की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं को गंभीर स्थिति में मिट्टी के नीचे से निकालकर अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, किरवानी के जंगल में होली के अवसर पर घर की पुताई के लिए पांच महिलाएं मिट्टी के टीले की खुदाई कर रही थीं। तभी अचानक टीला धंस गया और पांच महिलाएं इसके नीचे दब गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन में दो महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा गया है। इसके साथ ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सूचना मिलते ही ग्रामीण और मृतक व घायल के परिजन घटनास्थल पर पहुँच गए हैं। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया, "डायल 112 के माध्यम से सुबह सूचना मिली कि ग्राम किरवानी में कुछ महिलाएं मिट्टी के टीले के नीचे दब गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू की टीम और स्थानीय जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मिट्टी का टीला ढहने से पांच महिलाएं दब गई थीं। इनमें से सदिकुनिशा, अनिशा खातून और सीता की मौत हो गई है। फूल कुमारी और नजीमुन्न निशा को बचा लिया गया है और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतक महिलाओं के परिजनों को सूचना दे दी गई है। रेस्क्यू टीम ने पूरी तरह से जांच कर ली है, मिट्टी के नीचे अब कोई नहीं है। अगर ऐसी और कोई जगह है, जहां महिलाएं मिट्टी लेने जाती हैं, तो उसका पता कराया जाएगा।"