टेक सेक्टर में पहली तिमाही में 80,000 से अधिक नौकरियों की गई छंटनी, 3 लाख के पार जा सकता है आंकड़ा
सारांश
Key Takeaways
- 80,000 से अधिक नौकरियां पहली तिमाही में गईं।
- 2026 में आंकड़ा 3 लाख के पार जा सकता है।
- ओरेकल, अमेजन, मेटा जैसी कंपनियां छंटनी कर रही हैं।
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑटोमेशन मुख्य कारण हैं।
- भारत में 2,000 से ज्यादा नौकरियां समाप्त हुई हैं।
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में टेक सेक्टर में छंटनी की प्रक्रिया तेजी से बढ़ रही है। पहली तिमाही में ही दुनिया भर में 80,000 से अधिक नौकरियां समाप्त हो चुकी हैं, और इस साल यह आंकड़ा 3 लाख के पार जा सकता है, जिसमें ओरेकल, अमेजन और मेटा जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
ट्रेडिंग प्लेटफार्मों की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह छंटनी कोविड-19 के बाद आई तेजी को संतुलित करने के लिए कंपनियों द्वारा की जा रही है। 2021 से अब तक दुनिया भर में 10 लाख से अधिक टेक नौकरियां समाप्त हो चुकी हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन इस छंटनी के मुख्य कारण बनकर उभरे हैं। 2026 में लगभग आधे छंटनों का कारण एआई से संबंधित परिवर्तनों के कारण होगा।
अमेरिका इस प्रक्रिया में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां इस साल अब तक कुल छंटनी का लगभग 77 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया है। यहां 62 कंपनियों में 61,000 से अधिक नौकरियां समाप्त हुई हैं।
कंपनियों की बात करें तो ओरेकल ने सबसे अधिक 25,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की है, जो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान केंद्रित करने के तहत की गई है। इसके बाद अमेजन ने करीब 16,000 कर्मचारियों को निकाला, जबकि मेटा ने लगभग 2,400 कर्मचारियों की छंटनी की।
इसके अलावा, अमेरिका के बाहर भी छंटनी विभिन्न देशों में फैली हुई है। ऑस्ट्रेलिया में करीब 4,450 नौकरियां गईं, जबकि यूरोप के ऑस्ट्रिया, स्वीडन और नीदरलैंड जैसे देशों में सेमीकंडक्टर, टेलीकॉम और आईटी सेवाओं में कटौती देखी गई।
वहीं, एशिया में भारत में 2,000 से ज्यादा लोगों की नौकरी गई है। इसके अलावा इजरायल और सिंगापुर में भी एआई स्टार्टअप, ई-कॉमर्स और साइबर सिक्योरिटी कंपनियों में छंटनी की गई है।
सेक्टर के हिसाब से देखें तो क्लाउड, कंप्यूटिंग और सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस (सास) कंपनियों में सबसे ज्यादा करीब 28,000 नौकरियां गईं, जबकि ई-कॉमर्स सेक्टर में लगभग 19,000 लोगों को नौकरी से निकाला गया।
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनियां अब अपने खर्च को कम करने और एआई में निवेश को बढ़ाने के लिए संगठनात्मक बदलाव कर रही हैं, भले ही उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत क्यों न हो।
हालांकि, रिपोर्ट यह भी कहती है कि ज्यादातर छंटनी सीधे तौर पर एआई द्वारा नौकरियां खत्म होने के कारण नहीं, बल्कि कंपनियों द्वारा भविष्य के निवेश के लिए लागत कम करने के कदम के रूप में की जा रही है।