क्या ओट्स खाकर बोर हो गए हैं? समीरा रेड्डी की हेल्दी रैप रेसिपी आजमाएं!
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में लोग स्वस्थ रहने के लिए हल्दी को अपने आहार में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन समय की कमी के चलते यह संभव नहीं हो पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने एक सरल, त्वरित और स्वादिष्ट हेल्दी रेसिपी साझा की है।
समीरा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने ओट्स और चिया सीड्स से बने स्वादिष्ट-स्वस्थ रैप की रेसिपी साझा की। इस वीडियो में अभिनेत्री ने बताया कि यह रैप न केवल खाने में हेल्दी है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है।
फाइबर, प्रोटीन और फैट्स से भरपूर यह रैप आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और वजन को नियंत्रित करने में भी सहायक है। रेसिपी बताते हुए अभिनेत्री कहती हैं, "70 ग्राम ओट्स, 10 ग्राम चिया सीड्स में स्वाद के अनुसार नमक और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। अब इन सभी चीजों को एक ब्लेंडर में अच्छे से पीस लें, ताकि एक घोल बन जाए। फिर इस घोल को 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें, जिससे चिया सीड्स फूल जाएं और घोल गाढ़ा हो जाए। तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें। अब घोल को तवे पर पतला फैलाएं और धीमी आंच पर पकाएं। जब एक ओर से सुनहरा हो जाए, तो पलट दें और दोनों तरफ अच्छे से पकाएं। अब आपका रैप तैयार है।"
अभिनेत्री आगे कहती हैं, "रैप पर क्रंच के लिए पीनट बटर या मैश किया हुआ एवोकाडो डाल सकते हैं (यदि तीखा पसंद हो तो चिली फ्लेक्स भी शामिल कर सकते हैं) और ग्रीक योगर्ट के साथ ग्रिल किया हुआ पनीर या साधारण ग्रिल किया हुआ पनीर और थोड़ा चीज भी डाल सकते हैं।"
आयुर्वेद के अनुसार, ओट्स (जई) एक पोषण से भरपूर, हल्का और वात-पित्त शामक आहार है जो पाचन अग्नि को बढ़ाकर विषाक्त पदार्थों को कम करता है। वहीं, चिया सीड्स अपने शीतल और पौष्टिक गुणों के कारण मुख्य रूप से वात और पित्त दोष को संतुलित करने में मदद करते हैं। ये पाचन सुधारने, शरीर को हाइड्रेट करने, ऊर्जा बढ़ाने और वजन घटाने में बहुत लाभकारी हैं।