बांग्लादेश ने सऊदी अरब में नागरिकों की मौत पर जताई चिंता, शांति की अपील
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 9 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। सऊदी अरब के अल-खरज गवर्नरेट में हुए एक हवाई हमले में दो बांग्लादेशी नागरिकों की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटना पर बांग्लादेश सरकार ने गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे स्थिति को शांत करने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाएं।
बांग्लादेश सरकार ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि अल-खराज गवर्नरेट में इस तरह की घटना से बेगुनाह बांग्लादेशी नागरिकों की जान जाना अत्यंत चिंताजनक है।
बांग्लादेश विदेश मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में किशोरगंज के मिस्टर बच्चू मिया और तंगैल के मिस्टर मोशर्रफ हुसैन शामिल हैं। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। रियाद में बांग्लादेश एंबेसी के अधिकारी घायलों से मिल चुके हैं और शवों को वापस लाने के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश ऐसे सभी हमलों की कड़ी निंदा करता है, जो बेगुनाह लोगों की जान लेते हैं। सरकार ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। बांग्लादेश सरकार मिडिल ईस्ट में अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है और हालात पर ध्यान दे रही है।
पश्चिम एशिया में तनाव पिछले हफ्ते से जारी है। हाल ही में, अल-खरज में एक प्रोजेक्टाइल गिरने की घटना भी हुई, जिसमें 12 लोग घायल हुए।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि उसने अल-खरज सहित कई स्थानों पर रडार सिस्टम को निशाना बनाया है। अल-खरज में प्रिंस सुल्तान एयरबेस है, जिसका उपयोग अमेरिकी सेना करती है। पिछले हफ्ते ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की लड़ाई में इस पर कई बार हमला हुआ है।
रविवार को सऊदी रक्षा मंत्रालय ने 15 ड्रोन को इंटरसेप्ट करने की सूचना दी, जिसमें रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर में हमले की कोशिश भी शामिल थी। इस बीच, कुवैत ने कहा कि उसके अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्यूल टैंक पर हमला हुआ है और बहरीन ने बताया कि एक वॉटर डिसेलिनेशन प्लांट को नुकसान पहुँचा है।