इजरायल ने ईरान के तबरीज पर हमले की चेतावनी दी, नक्शा साझा कर लोगों को किया आगाह
सारांश
मुख्य बातें
तेल अवीव, १४ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इजरायल डिफेंस फोर्सेस ने ईरान के शहर तबरीज को निशाना बनाने की चेतावनी दी है। आईडीएफ ने सोशल मीडिया पर आम ईरानियों से अपील की है कि वे औद्योगिक इमारतों को तुरंत खाली कर दें, अन्यथा उनकी जान को खतरा हो सकता है।
सेना का कहना है कि अगले कुछ घंटों में इस क्षेत्र में हमला संभव है, इसलिए लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से निकलने की सलाह दी गई है।
इजरायली सेना ने स्पष्ट किया है कि यदि लोग वहां बने रहते हैं तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है। इस चेतावनी के साथ नक्शा भी साझा किया गया है, जिसमें संभावित हमले के क्षेत्र को दर्शाया गया है।
इसमें नक्शे के साथ लिखा गया है कि पश्चिमी तबरीज के औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले सभी व्यक्तियों के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण चेतावनी है। नक्शे में लाल रंग से चिह्नित क्षेत्र को ध्यान से समझने की आवश्यकता है। आगे कहा गया है कि इजरायली सेना, जो पिछले कई दिनों से ईरानी शासन के सैन्य ढांचों को नष्ट कर रही है, अगले कुछ घंटों में इस क्षेत्र पर भी हमला कर सकती है।
इसके साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे यहां से दूरी बनाए रखें। आईडीएफ के अनुसार, लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनुरोध किया गया है कि वे इस स्थान को तुरंत खाली कर दें, क्योंकि वहां रहना उनकी जान के लिए खतरा बन सकता है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष के १५वें दिन, गाजा के उग्रवादी संगठन हमास ने घोषणा की है कि ईरान को अमेरिका और इजरायल के हमलों का जवाब देने का पूरा अधिकार है।
इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर शनिवार को मिसाइल हमला हुआ, जिसमें एक मिसाइल दूतावास परिसर में बने हेलिपैड पर गिरी।
इस बीच, सशस्त्र समूह हमास ने यह अपील की है कि ईरान पड़ोसी देशों को निशाना न बनाए और सभी क्षेत्रीय देशों को मिलकर हालात को शांत करने का प्रयास करना चाहिए, ताकि भाईचारा बना रहे।