ऑस्कर 2026: 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने किया कमाल, ऑटम डुराल्ड अर्कापॉ बनीं पहली अश्वेत बेस्ट सिनेमैटोग्राफी विजेता
सारांश
Key Takeaways
- 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने चार प्रमुख श्रेणियों में पुरस्कार जीते।
- ऑटम डुराल्ड अर्कापॉ पहली अश्वेत महिला हैं जिन्होंने बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का पुरस्कार जीता।
- बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर का पुरस्कार 'मिस्टर नोबडी अगेंस्ट पुतिन' को मिला।
- बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का खिताब शॉन पेन ने जीता।
- बेस्ट ओरिजिनल स्कोर का पुरस्कार लुडविग गोरान्सन ने जीता।
मुंबई, 16 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। हॉलीवुड के प्रतिष्ठित डॉल्बी थिएटर में 98वें अकादमी पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसकी मेज़बानी कॉनन ओ'ब्रायन ने की।
इस वर्ष, 'सिनर्स' फिल्म को 16 विभिन्न श्रेणियों में नामांकित किया गया, जबकि 'वन बैटल आफ्टर अनदर' को 13 श्रेणियों में नामांकन प्राप्त हुआ। इस बार बाजी 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने मारी है।
बेस्ट साउंड की श्रेणी में फिल्म 'एफ-1' को विजेता घोषित किया गया है, जिसमें इंजनों और टायरों की गूंजती आवाज़ ने जूरी का दिल जीत लिया। इस श्रेणी में 'फ्रैंकस्टीन', 'वन बैटल आफ्टर अनदर', 'सिनर्स' और 'सिरात' भी नामांकित थे। वहीं, बेस्ट ओरिजिनल स्कोर का खिताब 'सिनर्स' के लुडविग गोरान्सन को मिला है, जिसमें जर्स्किन फ़ेंड्रिक्स, मैक्स रिक्टर और जॉनी ग्रीनवुड का नाम भी शामिल था।
इसके अतिरिक्त, ऑटम डुराल्ड अर्कापॉ को 'सिनर्स' के लिए बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का खिताब मिला है। वह इस क्षेत्र में पुरस्कार हासिल करने वाली पहली अश्वेत महिला हैं। बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर के लिए 'मिस्टर नोबडी अगेंस्ट पुतिन' को ऑस्कर मिला है। इस श्रेणी में 'द अलाबामा सॉल्यूशन', 'कम सी मी इन द गुड लाइट', 'कटिंग थ्रू रॉक्स' और 'द परफेक्ट नेबर' भी शामिल थे।
सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म का खिताब 'सेंटिमेंटस वेल्यू' को दिया गया है। बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का खिताब 'ऑल द एम्प्टी रूम्स' ने जीता है, जबकि मूल पटकथा की श्रेणी में एक बार फिर 'सिनर्स' ने बाजी मारी है। फिल्म के लेखक रयान कूगलर को इस अवॉर्ड से नवाज़ा गया है।
विजुअल इफेक्ट्स में उत्कृष्टता के लिए 'अवतार: द फायर एंड एश' को पुरस्कार मिला है, वहीं लेखन (एडेप्टेड स्क्रीनप्ले) के लिए वन बैटल आफ्टर अनदर के पॉल थॉमस एंडरसन को सम्मानित किया गया है। बेस्ट फिल्म एडिटिंग का पुरस्कार भी 'वन बैटल आफ्टर अनदर' को प्राप्त हुआ है। बेस्ट मेकअप और हेयरस्टाइलिंग का ऑस्कर 'फ्रैंकस्टीन' को मिला है, जबकि 'वन बैटल आफ्टर अनदर' की कैसेंड्रा कुलुकुंडिस ने सर्वश्रेष्ठ कास्टिंग के लिए पहला ऑस्कर जीता है।
इस फिल्म में सहायक किरदार निभाने वाले शॉन पेन ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का खिताब अपने नाम किया है, जबकि एमी मैडिगन को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला है। बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में 'द सिंगर' और 'टू पिपल एक्सचेंज सलाइवा' को विजेता चुना गया है।