क्या बिहार को फिर चाहिए सुशासन और विकास? - दिलीप जायसवाल
सारांश
मुख्य बातें
पूर्णिया, 8 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने यह दावा किया है कि बिहार की जनता ने एनडीए सरकार की वापसी के लिए अपना मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण की बंपर वोटिंग के बाद एक बात स्पष्ट है कि एनडीए फिर से सरकार बनाने जा रही है।
जहां एक ओर बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग हो चुकी है, वहीं दूसरी चरण के लिए चुनावी प्रचार भी तेजी से चल रहा है। 11 नवंबर को दूसरे चरण के लिए वोटिंग होनी है। एनडीए को विश्वास है कि 6 नवंबर की तरह 11 नवंबर को भी बिहार में जनता बंपर वोटिंग करेगी।
दिलीप जायसवाल ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को नजदीक से देखा है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने बिहार के लिए अनगिनत योजनाएं शुरू की हैं। उनके द्वारा चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं ने बिहार की जनता को बड़ा लाभ पहुंचाया है।
बिहार की जनता इस बात को जानती है कि यदि बिहार में जंगलराज की वापसी होती है, तो उन्हें पीएम मोदी की लाभकारी योजनाओं से वंचित होना पड़ सकता है। इसलिए, बिहार की जनता सुशासन और विकास के लिए एनडीए का समर्थन कर फिर से एनडीए सरकार बनाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के लिए सीमावर्ती इलाकों में वोटिंग होनी है। इसलिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह यहां पर बने हुए हैं और वे सासाराम भी जाएंगे।
पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं तेजप्रताप के एनडीए में शामिल होने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि अभी हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है।
हाल ही में तेजप्रताप यादव और भाजपा सांसद रवि किशन एक साथ मीडिया के सामने आए थे। इसके बाद से एनडीए में तेजप्रताप के आने की संभावनाओं ने जोर पकड़ लिया है।