बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सारांश
Key Takeaways
- पंजाब की सुरक्षा स्थिति चिंताजनक है।
- मजीठिया ने पुलिस की तैनाती पर सवाल उठाए हैं।
- गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या हुई।
- पुलिसकर्मियों को प्री-वेडिंग शूट में तैनात किया जाना चिंताजनक है।
चंडीगढ़, २५ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर राज्य सरकार को कठोर शब्दों में आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा के हालात बहुत ही चिंताजनक हो गए हैं और सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि एक तरफ पंजाब के गुरदासपुर जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर दो पुलिसकर्मियों की हत्या हो गई, लेकिन पंजाब पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह घटना किसने अंजाम दी और इसके पीछे की परिस्थितियाँ क्या थीं। सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इस मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई है।
गुरदासपुर के बॉर्डर इलाके में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सिर्फ डेढ़ किलोमीटर दूर, दोरांगला पुलिस स्टेशन के अंडर आने वाले आदियां पुलिस चेक पोस्ट पर दो पुलिसवालों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मरने वालों में होमगार्ड जवान अशोक कुमार (अखलासपुर के निवासी) और एएसआई गुरनाम सिंह (गादड़ियां के निवासी) शामिल हैं।
दूसरी ओर, मजीठिया ने आरोप लगाया कि बटाला मार्केट कमेटी के नए चेयरमैन इंजीनियर मानिक मेहता के प्री-वेडिंग शूट में कथित तौर पर पंजाब पुलिस के जवानों को तैनात किया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राज्य की सुरक्षा व्यवस्था इतनी खराब हो गई है कि पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था संभालने के बजाय निजी समारोहों में तैनात किया जा रहा है? उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगते हुए कहा कि क्या साथी जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय पुलिस बल को प्री-वेडिंग शूट के लिए तैनात करना उचित है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर भी तंज कसते हुए पूछा कि क्या उनके प्री-वेडिंग समारोह पुलिसकर्मियों की सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण हैं।
मजीठिया ने कहा कि राज्य में ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि पुलिस के जवानों का कथित तौर पर प्री-वेडिंग शूट के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मार्केट कमेटी के चेयरमैन मानिक मेहता और वीडियो शूट में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की।