डॉ. एस. जयशंकर और जापानी विदेश मंत्री मोटेगी के बीच बातचीत, होर्मुज स्ट्रेट पर चर्चा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, १० अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अपने जापानी समकक्ष तोषिमित्सु मोटेगी से शुक्रवार को फोन पर संवाद किया। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज स्ट्रेट की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। इस वार्ता की जानकारी दोनों ने साझा की। जापानी विदेश मंत्री ने अमेरिका-ईरान संघर्ष में मारे गए भारतीयों के प्रति शोक प्रकट किया।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी से बातचीत करके अच्छा लगा। हमनें पश्चिम एशिया में होर्मुज स्ट्रेट के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और विकास पर चर्चा की। लड़ाई में मारे गए भारतीयों के प्रति उनकी संवेदना के लिए धन्यवाद।"
जापानी विदेश मंत्री मोटेगी ने कहा, "मैंने भारत के विदेश मंत्री जयशंकर से फोन पर संवाद किया। हमने मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात, होर्मुज स्ट्रेट में नेविगेशन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, स्थिरता बढ़ाने और ऊर्जा तथा संसाधनों की सप्लाई क्षमता को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा की।" जापान के विदेश मंत्रालय ने भी इस वार्ता की पुष्टि की।
एक दिन पहले, भारतीय विदेश मंत्री ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन रामगुलाम से मुलाकात की और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं दी।
विदेश मंत्री ने एक्स पर कहा, "मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन रामगुलाम से मिलकर खुशी हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। पिछले वर्ष में हमारी सहयोगिता में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है।"
उन्होंने कहा, "हमने विकास सहयोग, स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण, मोबिलिटी, प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा और आपसी संबंधों पर चर्चा की। पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों और उनके प्रभावों पर भी बात हुई।"
डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और मॉरीशस के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता के प्रति प्रधानमंत्री रामगुलाम की प्रतिबद्धता का हम सम्मान करते हैं। विदेश मंत्री ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री के साथ विशेष बैठक में बातचीत के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण आयोजनों में हिस्सा लिया।