क्या ममता बनर्जी की सरकार पर उनके भाई-भतीजे का नियंत्रण है?: सुकांत मजूमदार
सारांश
मुख्य बातें
दक्षिण दिनाजपुर, 23 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को उनके भाई और भतीजे नियंत्रित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को इस नियंत्रण से खुद को बाहर निकलना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा, "हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'वर्ल्ड लीडर' हैं और कोई भी वर्ल्ड लीडर किसी के नियंत्रण से नहीं बन सकता। संकट के समय में प्रधानमंत्री मोदी न केवल देश बल्कि संपूर्ण विश्व को दिशा दिखाते हैं। मुख्यमंत्री का यह कहना कि प्रधानमंत्री मोदी को कोई और नियंत्रित कर रहा है, उनकी स्वयं की स्थिति को दर्शाता है।"
सुकांत मजूमदार ने ममता बनर्जी को जवाब देते हुए कहा, "आपके शासन को कौन चला रहा है? उस नियंत्रण से आप खुद बाहर निकलें। अगली बार चुनाव में आपकी हार निश्चित है, लेकिन अगर कुछ सीटें आती हैं तो टीएमसी की इज्जत बच जाएगी।"
इससे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा था कि गृह मंत्री ही प्रधानमंत्री को नियंत्रित करते हैं। उन्होंने एसआईआर के मुद्दे को उठाते हुए कहा, "वह पूरी चीज को नियंत्रित कर रहे हैं। ऐसा नहीं लगता कि प्रधानमंत्री भी पूरी चीज को नियंत्रित कर रहे हैं। मुझे शक है कि गृह मंत्री ही उन्हें और देश को भी नियंत्रित कर रहे हैं।"
ममता बनर्जी ने कोलकाता स्थित नेताजी इंडोर स्टेडियम में सोमवार को टीएमसी और बीएलए से जुड़े बूथस्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक को संबोधित किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की भूमिका का भी जिक्र किया था।