लद्दाख के छात्रों का दिल्ली में भव्य स्वागत, विधानसभा दौरे का अनुभव साझा
सारांश
Key Takeaways
- लद्दाख के छात्रों का स्वागत दिल्ली में अभाविप द्वारा किया गया।
- दिल्ली विधानसभा का दौरा छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक रहा।
- यह यात्रा छात्रों को भारत की संस्कृति से जोड़ती है।
- संवाद से छात्रों के दृष्टिकोण में सुधार होता है।
- अभाविप का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है।
नई दिल्ली, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दिल्ली के सदस्यों ने प्रकल्प ‘स्टूडेंट एक्सपीरियंस इन रीजनल अंडरस्टैंडिंग’ के अंतर्गत गुरुवार को लद्दाख से आए प्रतिनिधियों का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया। स्वागत के बाद, 30 प्रतिनिधियों (जिनमें 19 छात्र और 11 छात्राएं शामिल हैं) को दिल्ली विधानसभा के भ्रमण पर ले जाया गया, जहां उनका विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के साथ संवाद हुआ। इस बातचीत में, विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिनिधियों को दिल्ली विधानसभा के इतिहास की जानकारी दी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) वर्ष 1990 से लद्दाख में सक्रिय है। इसका उद्देश्य लद्दाख के छात्रों को भारत की विविध संस्कृति से परिचित कराना और उनकी स्थानीय संस्कृति को देशभर में फैलाना है। इसी उद्देश्य से, 1991 में स्टूडेंट एक्सपीरियंस इन रीजनल अंडरस्टैंडिंग यात्रा की शुरुआत की गई। इस यात्रा के दौरान, लद्दाख के छात्रों को विभिन्न राज्यों में भ्रमण कराया जाता है, जहां उन्हें स्थानीय परिवारों के साथ ठहराया जाता है। यह यात्रा छात्रों को भारत की विविध लोक-परंपराओं और सामाजिक ढांचे को समझने का अवसर देती है। यह यात्रा छात्रों को सिर्फ राज्यों की भौगोलिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था, उच्च शिक्षा संस्थानों और सांस्कृतिक धरोहरों के महत्व को भी समझने का मौका देती है।
दिल्ली विधानसभा के बाद, लद्दाख से आए प्रतिनिधि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ कार्यालय पहुंचे, जहां अभाविप नीत दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद, छात्रों को दिल्ली विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान, विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने उन्हें दिल्ली विश्वविद्यालय में लघु भारत का अनुभव कराया, जहां देशभर के विद्यार्थी एक साथ अध्ययन करते हैं।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि 'स्टूडेंट एक्सपीरियंस इन रीजनल अंडरस्टैंडिंग' प्रकल्प लद्दाख के छात्रों को भारत के विभिन्न हिस्सों की लोक-परम्पराओं को नजदीक से देखने और समझने का अवसर दे रहा है। इस पहल से छात्रों का दृष्टिकोण विस्तृत होगा। यह यात्रा केवल एक शैक्षणिक भ्रमण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बीच संवाद, सहयोग और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम है। अभाविप का लक्ष्य केवल छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र और समाज की समग्र समझ विकसित करने के लिए प्रेरित करना भी है।