क्या संभल में फिर चला बुलडोजर? सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए गए नाले के स्लैब, अतिक्रमण पर कार्रवाई
सारांश
मुख्य बातें
संभल, 16 जून (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। सड़क चौड़ीकरण और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सोमवार को चंदौसी चौराहे पर नगर पालिका और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने नाले के ऊपर बने अवैध पक्के स्लैबों को हटाने का कार्य आरंभ किया। इस कार्रवाई के लिए दो बुलडोजर का उपयोग किया गया।
यह कार्रवाई संभल कोतवाली क्षेत्र में की गई, जहाँ लंबे समय से नाले के ऊपर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। इन निर्माणों के कारण नाले की सफाई में कठिनाई हो रही थी और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। सड़कों पर जाम की समस्या आम हो गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने का अभियान आरंभ किया।
कार्रवाई के दौरान बुलडोजरों ने नाले के ऊपर बने पक्के स्लैबों को तोड़ा, ताकि नाले की सफाई और पानी के बहाव को सुचारू किया जा सके। इसके साथ ही सड़क को चौड़ा करने का कार्य भी प्रारंभ किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई शहर के हित में है और इससे न केवल सड़कें चौड़ी होंगी, बल्कि शहर की स्वच्छता भी बेहतर होगी। इस अभियान से पहले प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भी जारी किए थे।
अतिक्रमण से परेशान लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है, लेकिन कुछ ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह से नियमों के तहत और जनहित में किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाइयां अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहने की संभावना है। संभल प्रशासन का लक्ष्य शहर को साफ-सुथरा और यातायात के लिए सुगम बनाना है।