टी20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बने 3 खिलाड़ियों की फॉर्म
सारांश
Key Takeaways
- टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल में जगह बनाई है।
- अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह की फॉर्म चिंता का विषय है।
- वरुण ने इंग्लैंड के खिलाफ महंगे ओवर फेंके।
- अभिषेक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
- अर्शदीप की फॉर्म टीम की रणनीति को प्रभावित कर रही है।
नई दिल्ली, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारतीय टीम ने गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से मात दी। यह भारतीय टीम का चौथा और लगातार दूसरा फ़ाइनल में पहुँचना है। लेकिन, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह की खराब फॉर्म टीम के लिए एक बड़ा सिरदर्द साबित हो रही है।
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण ने अपने 4 ओवर में 64 रन खर्च करते हुए केवल एक विकेट लिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ 'करो या मरो' मैच में भी वरुण ने 4 ओवर में 40 रन दिए और केवल एक विकेट चटकाया।
सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वरुण की स्थिति कुछ अलग नहीं थी। प्रोटियाज बल्लेबाजों ने उनके 4 ओवर्स में 47 रन बनाए। पिछले कुछ मैचों में वरुण का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। बड़ी टीमों और महत्वपूर्ण मैचों में उनकी छाप नहीं छोड़ पाना चिंता का विषय है।
अभिषेक शर्मा के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। 7 पारियों में उन्होंने केवल 89 रन बनाए हैं। ग्रुप स्टेज में तीन मैचों में उनका खाता भी नहीं खुला। सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वह केवल 15 रन ही बना सके, जबकि जिम्बाबे के खिलाफ उन्होंने 30 गेंदों में 55 रन की शानदार पारी खेली थी। लेकिन, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ फिर से उनका बल्ला चुप रहा।
अर्शदीप सिंह की फॉर्म भी फाइनल से पहले चिंता का कारण बन गई है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 4 ओवर्स में 51 रन खर्च किए और वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया। टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में 5 मुख्य गेंदबाजों के साथ खेल रही है, जिससे अर्शदीप की खराब फॉर्म टीम की रणनीति को प्रभावित कर रही है।