आईसीसी इवेंट में भारत को मिली पहली हार, साउथ अफ्रीका ने हराया
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। रविवार को टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह आईसीसी इवेंट में 2023 के वनडे विश्व कप के बाद भारतीय टीम की पहली हार है।
2023 विश्व कप के बाद, भारतीय टीम ने तीनों फॉर्मेट में आईसीसी इवेंट के तहत इस मैच से पहले कुल 17 मुकाबले खेले थे और सभी में जीत हासिल की थी। लेकिन नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया की विजय यात्रा को एक बड़ा झटका लगा।
साउथ अफ्रीका द्वारा दिए गए 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारतीय टीम केवल 111 रन बनाकर आउट हो गई। यह टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की सबसे बड़ी हार के रूप में दर्ज हुई।
भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन सुपर-8 राउंड में बेहद निराशाजनक रहा। ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि अभिषेक शर्मा ने महज 15 रन बनाए। तिलक वर्मा एक बार फिर से केवल एक रन पर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर और हार्दिक पांड्या भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके।
शिवम दुबे ने 37 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला। साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने 3.5 ओवर में केवल 22 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि केशव महाराज ने तीन विकेट चटकाए।
इससे पहले, साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। टीम की तरफ से डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने केवल 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए।