टीम इंडिया को आईसीसी इवेंट में मिली पहली हार, साउथ अफ्रीका ने हराया
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। रविवार को टी-20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह आईसीसी इवेंट में साल 2023 के वनडे विश्व कप के बाद भारतीय टीम की पहली हार है।
2023 विश्व कप के बाद, सभी तीन फॉर्मेट को मिलाकर आईसीसी इवेंट में भारतीय टीम ने इस मैच से पहले कुल 17 मैच खेले थे, जिसमें सभी में उन्हें जीत मिली थी। हालांकि, नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया की विजय यात्रा को एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
साउथ अफ्रीका द्वारा निर्धारित 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम केवल 111 रन बनाकर आउट हो गई। यह टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी हार थी।
भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम सुपर-8 राउंड में ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। ईशान किशन बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। वहीं, अभिषेक शर्मा ने केवल 15 रन बनाए। तिलक वर्मा का बल्ला फिर से खामोश रहा और वह केवल 1 रन बनाकर चलते बने। सूर्यकुमार यादव ने 18 रन बनाए लेकिन कॉर्बिन बॉश के शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर और हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर पाए।
शिवम दुबे ने 37 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई समर्थन नहीं मिला। साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.5 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि केशव महाराज ने 3 विकेट हासिल किए।
इससे पहले, साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। टीम के लिए डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने भी ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 29 गेंदों में 45 रन बनाए। भारत की गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने केवल 15 रन देकर 3 विकेट लिए।