मुंबई में अमित शाह के निजी सचिव बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, ८ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई की क्राइम ब्रांच ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी सचिव बताता था। आरोपी पुलिस अधिकारियों को फोन कर विभिन्न मामलों में हस्तक्षेप करने का प्रयास करता था और लोगों से मामलों में सहायता के नाम पर पैसे वसूलता था।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ४१ वर्षीय मोहम्मद तारिक पठान के रूप में हुई है, जो खेड़ का निवासी है। क्राइम ब्रांच ने उसे एपीएमसी मार्केट वाशी के पास एक होटल से पकड़ा।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी पठान खुद को केंद्रीय गृह मंत्री के निजी सचिव पवन कुमार यादव के रूप में प्रस्तुत करता था। वह पुलिस अधिकारियों को फोन करके विभिन्न मामलों में दबाव डालता था। कभी वह किसी मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाता, तो कभी आरोपियों को राहत दिलाने के लिए संपर्क करता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने कॉल को असली दिखाने के लिए अलग-अलग सिम कार्ड लेता था और दूसरे मोबाइल फोन में नंबर को पीएस टू एमएचए के नाम से सेव कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को कॉल करता था। इससे अधिकारियों को ऐसा लगता था कि कॉल वास्तव में गृह मंत्रालय से आ रहा है।
पुलिस के अनुसार, १ मार्च को उसने इसी तरह की एक कॉल कनॉट प्लेस के एक पुलिस अधिकारी को की थी। यह अधिकारी एक मामले में महिला को वारंट देने के लिए ग्रांट रोड आए थे। बताया गया है कि अधिकारी को पहले ही सूचित किया गया था कि उन्हें किसी प्रभावशाली व्यक्ति का फोन आ सकता है। इसके बाद आरोपी ने खुद को मंत्री का सहायक बताते हुए फोन किया और महिला को परेशान न करने की बात कही।
क्राइम ब्रांच को संदेह है कि आरोपी ने इसी प्रकार कई मामलों में फोन कॉल कर पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की और इसके बदले लोगों से पैसे भी वसूले। वह लगातार अपने मोबाइल फोन बदलता रहता था और अलग-अलग राज्यों में अन्य लोगों के नाम पर सिम कार्ड खरीदता था। फिलहाल, क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने मामलों में हस्तक्षेप किया है और कितने लोगों से पैसे वसूले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।