उत्तर प्रदेश की ऊर्जा नीति को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता, नासा के मैप में प्रमुखता से उभरा
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। नासा द्वारा प्रस्तुत वर्ल्ड नाइट मैप में उत्तर प्रदेश का नाम दुनिया के सबसे अधिक रोशन क्षेत्रों में उल्लेखनीय रूप से उभरा है, जो प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह सिर्फ रोशनी का दृश्यात्मक आंकलन नहीं है, बल्कि योगी सरकार की 'सबको बिजली, पर्याप्त बिजली और गुणवत्तापूर्ण बिजली' के संकल्प की वैश्विक पुष्टि है।
नासा ने सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर एक नया ग्लोबल मैप जारी किया है, जिसमें दर्शाया गया है कि 2014 से 2022 के बीच पृथ्वी पर रात की रोशनी में किस प्रकार के बदलाव आए हैं। वैज्ञानिकों ने पृथ्वी की तस्वीर बनाने के लिए नौ वर्षों में हर रात एकत्रित की गई 16 लाख सैटेलाइट तस्वीरों का विश्लेषण किया। परिणामों से यह स्पष्ट हुआ कि शहरी विकास के कारण उत्तरी भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश और बिहार में, रात की रोशनी का स्तर बढ़ा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में जो महत्वपूर्ण संरचनात्मक परिवर्तन किए हैं, उनका प्रभाव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी स्पष्ट हो रहा है। गांव से शहर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने नीति, प्रबंधन और तकनीक के स्तर पर व्यापक सुधार किए हैं। नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को नई दिशा में अग्रसर किया गया है। उत्पादन क्षमता में रिकॉर्ड वृद्धि के साथ-साथ ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों को मजबूत किया गया है, जिससे बढ़ती मांग को संतुलित तरीके से पूरा किया जा रहा है।
प्रदेश में विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है। घाटमपुर तापीय विद्युत परियोजना की तीसरी इकाई का सफल सिंक्रनाइजेशन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ट्रांसमिशन और वितरण प्रणाली में सुधार के तहत नए उपकेंद्र स्थापित किए गए, जर्जर लाइनों का आधुनिकीकरण हुआ और स्मार्ट तकनीकों का उपयोग बढ़ा। इससे बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और निर्बाध हुई है, साथ ही लाइन लॉस में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
योगी सरकार के कार्यकाल में बिजली क्षेत्र में डिजिटल तकनीकों का व्यापक इस्तेमाल हो रहा है। उपभोक्ताओं को अब रियल टाइम खपत की जानकारी मिल रही है, ऑनलाइन सेवाएं सुलभ हुई हैं और विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि उपभोक्ता संतोष भी मजबूत हुआ है।
निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। कृषि क्षेत्र में सिंचाई में सुगमता आई है, उद्योगों को स्थिर बिजली प्राप्त हो रही है और सेवा क्षेत्र में भी विस्तार देखने को मिला है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश अब निवेश के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य के रूप में उभर रहा है। नासा का वर्ल्ड नाइट मैप उत्तर प्रदेश की ऊर्जा नीति, प्रबंधन क्षमता और विकासोन्मुखी सोच की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है। यह उपलब्धि भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में और अधिक निवेश, नवाचार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगी।