योगी सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश का युवा हो रहा है आत्मनिर्भर
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की लाभकारी योजनाओं के चलते आज उत्तर प्रदेश का युवा आत्मनिर्भर बन रहा है। ये योजनाएं स्वरोजगार को प्रोत्साहन देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बना रही हैं। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए जनपद इटावा के गाड़ीपुरा निवासी बिलाल हसन ने सरकारी योजना की मदद से अपना व्यवसाय स्थापित किया है।
बिलाल हसन ने बताया कि उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये का ऋण लिया। इस योजना के तहत मिली सरकारी वित्तीय सहायता से उन्होंने अपना प्रिंटिंग प्रेस और फ्लेक्स व्यवसाय की शुरुआत की। इस सहायता के चलते उन्होंने अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक स्थापित किया और लगातार उन्नति कर रहे हैं।
अपने उद्यम के माध्यम से बिलाल हसन न केवल आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि वे अब प्रतिमाह 50 से 60 हजार रुपये की आय भी कमा रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने 5 अन्य लोगों को भी रोजगार देकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में चल रही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण और मार्गदर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि युवा खुद भी रोजगार देने में सक्षम बन रहे हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छोटे-छोटे उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे राज्य के आर्थिक विकास में तेजी आ रही है।
‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ के अंतर्गत विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 25 लाख रुपये तक का ऋण और सेवा क्षेत्र में अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण परियोजना लागत के अनुसार अनुदान एवं सब्सिडी के रूप में दिया जाता है। इच्छुक व्यक्ति जिला उद्योग केंद्र से सम्पर्क कर इस योजना का लाभ उठाकर उद्यमी बनने का सपना साकार कर सकते हैं।