रवि दुबे ने बताया कैसे एक साल पहले मिले थे 'ईश्वरीय संकेत' जब बने 'लक्ष्मण'
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित और महंगी फिल्म 'रामायण' में लक्ष्मण की भूमिका के लिए अभिनेता रवि दुबे काफी समय से चर्चा का विषय बने हुए थे। उनकी पत्नी ने पहले ही इस बारे में कई संकेत दिए थे, लेकिन रवि ने इस पर चुप्पी बनाए रखी थी। अब अभिनेता ने शुक्रवार को आधिकारिक रूप से फिल्म से जुड़ने की पुष्टि की है और इस संबंध में एक दिलचस्प कहानी साझा की है।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक इंटरव्यू का वीडियो साझा किया। इस वीडियो में रवि ने अपनी भूमिका से जुड़ी एक विशेष और आध्यात्मिक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "लगभग एक साल पहले मुझे फिल्म 'रामायण' के लिए फाइनल कर लिया गया था, लेकिन उससे ठीक एक साल पहले की एक घटना मेरे लिए बहुत खास साबित हुई। उस समय मैं लखनऊ में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहा था।"
उन्होंने बताया कि उस समय वे एक गुप्त तरीके से शूटिंग कर रहे थे, जिसमें वे बाइक पर थे और उनकी हीरोइन उनके पीछे बैठी थी। सड़क पर घूमते हुए एक पल में डायरेक्टर ने 'कट' कहा, और उन्होंने बाइक पार्क कर दी। तभी रवि ने देखा कि पास में एक मंदिर है। यह लक्ष्मण का मंदिर था।
रवि ने कहा, "मंदिर देखकर मुझे बड़ी हैरानी हुई, क्योंकि मुझे पहले नहीं पता था कि लखनऊ को प्राचीन काल में लक्ष्मण पुरी कहा जाता था। वहां की मान्यता है कि भगवान राम ने अपने छोटे भाई लक्ष्मण को यह शहर सौंपा था। इस संयोग ने मुझे बहुत प्रभावित किया। मैंने मंदिर के अंदर जाकर दर्शन किए, जहां भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की पौराणिक तस्वीर थी। मैंने वहां प्रार्थना की, बाहर आकर फोटो खींची। उस समय जिस शो की शूटिंग चल रही थी, उसमें मेरा किरदार लखन था (शो का नाम 'लखन लीला भार्गव' था)।
उन्होंने इस संयोग को एक चमत्कार बताया। रवि ने कहा, "जब मुझे 'रामायण' में लक्ष्मण का रोल मिला, तो मुझे वह पुरानी तस्वीर याद आई, और मेरे रोंगटे खड़े हो गए क्योंकि उस मंदिर में दर्शन के ठीक एक साल बाद, मुझे यह रोल मिला; मेरे लिए यह भगवान का संकेत है।"