डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी, डील ना होने पर पावर प्लांट और ब्रिज होंगे तबाह
सारांश
Key Takeaways
- डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को गंभीर चेतावनी दी है।
- सीजफायर उल्लंघन का आरोप ईरान पर लगाया गया है।
- यदि डील नहीं हुई, तो हर पावर प्लांट और ब्रिज तबाह होंगे।
- ईरान पर अमेरिकी नाकेबंदी का प्रभाव पड़ रहा है।
- इस्लामाबाद में वार्ता चल रही है।
वाशिंगटन, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है। सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यदि ईरान ने डील नहीं की, तो उनके देश के प्रत्येक पावर प्लांट और ब्रिज को तबाह कर दिया जाएगा।
ट्रंप ने रविवार को ट्रुथ सोशल पर यह धमकी दी और ईरान पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शनिवार को ईरान में हुई गोलीबारी ने सीजफायर एग्रीमेंट को पूरी तरह से नकार दिया है। उनका दावा था कि कई गोलियां एक फ्रेंच शिप और यूनाइटेड किंगडम के एक मालवाहक जहाज पर चलाई गईं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसके साथ ही इस्लामाबाद में बातचीत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उनके प्रतिनिधि सोमवार को पाकिस्तान जाएंगे।
ट्रंप ने होर्मुज को बंद करने के आईआरजीसी के दावे का मजाक उड़ाते हुए कहा कि यह अजीब है क्योंकि अमेरिकी नाकेबंदी के चलते पहले ही स्ट्रेट बंद है, और इस तरह से वे अमेरिका की ही सहायता कर रहे हैं। ईरान को इस मामले में रोजाना 500 मिलियन डॉलर का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ट्रंप ने कहा कि यदि डील और सहमति नहीं हुई, तो ईरान का विनाश निश्चित है। उन्होंने कहा, "हम एक उचित डील की पेशकश कर रहे हैं, और मुझे उम्मीद है कि वे इसे स्वीकार करेंगे। यदि वे नहीं मानते हैं, तो यह मेरे लिए गर्व की बात होगी, क्योंकि मैं वह करूंगा जो पिछले 47 वर्षों में अमेरिका के अन्य राष्ट्रपति नहीं कर पाए।"
28 फरवरी को इजरायल-यूएस की संयुक्त एयर स्ट्राइक शुरू हुई थी। 8 अप्रैल को दो हफ्ते की अस्थायी संघर्ष विराम की घोषणा की गई। इसके बाद स्थायी समाधान के लिए इस्लामाबाद में वार्ता आयोजित की गई, जो बेनतीजा रही। हालांकि, दूसरे दौर की चर्चा हो रही थी। डॉन मीडिया आउटलेट ने रविवार को बताया कि विदेशी डेलीगेशन के आगमन को देखते हुए इस्लामाबाद का रेड जोन ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। ट्रंप की पोस्ट ने इस्लामाबाद टॉक्स 2 की पुष्टि कर दी है।