उत्तराखंड: सीएम धामी ने अवस्थापना सुविधाओं के विकास हेतु 3 करोड़ की राशि का किया आवंटन
सारांश
मुख्य बातें
देहरादून, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद में नन्दा राजजात यात्रा-2026 के लिए विकासखण्ड थराली में शहीद भवानी दत्त इण्टर कॉलेज परिसर चैपड्यों में पार्किंग एवं विश्राम गृह निर्माण (क्षमता-08 चौपहिया वाहन) के लिए 71.67 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। विकासखण्ड कर्णप्रयाग में नौटी में 37 चौपहिया एवं 48 दुपहिया वाहनों की क्षमता के लिए सरफेस पार्किंग के निर्माण हेतु 42.39 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, विकासखण्ड देवाल के जनता इण्टर कॉलेज, सरकोट में 63 चौपहिया एवं 09 दुपहिया वाहनों की क्षमता के लिए पार्किंग, 02 कक्षों का विश्राम गृह एवं शौचालय निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। विकासखण्ड नारायण बगड़ के भगोती में 94 चौपहिया वाहनों की क्षमता के लिए सरफेस पार्किंग निर्माण हेतु 79.56 लाख रुपए का अनुमोदन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने 16वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली किश्त के लिए भारत सरकार से प्राप्त राशि में जिला पंचायत हेतु 13.74 करोड़ रुपए, क्षेत्र पंचायत के लिए 9.16 करोड़ रुपए एवं ग्राम पंचायत के लिए 66.51 करोड़ रुपए का अनुमोदन दिया है, जिससे कुल 89.41 करोड़ रुपए की धनराशि त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को अंतरित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा क्षेत्र थराली के विकास खण्ड, देवाल के देवाल बाजार (टैक्सी) के समीप बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए 11.31 लाख एवं जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत घनसाली में बस स्टॉप निर्माण हेतु 94.05 लाख रुपए की स्वीकृति देने का अनुमोदन किया है।
मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र यमेश्वर के अंतर्गत सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 3.36 करोड़ रुपए की धनराशि की स्वीकृति भी दी है।
आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की निर्माणाधीन योजनाओं के लिए 27 करोड़ रुपए की राशि राज्य आकस्मिकता निधि से दी जाएगी, साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उम्मेदपुर, रामनगर आवासीय परियोजना में पेयजल योजना के लिए 2.43 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल नगरपालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत नर्सरी स्कूल, माल रोड नैनीताल की मरम्मत के लिए 3.44 लाख रुपए तथा ऐशडेल स्कूल नैनीताल की मरम्मत के लिए 45 लाख रुपए की स्वीकृति भी दी है।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने टनकपुर स्टेडियम का नाम स्व. कैलाश गहतोड़ी के नाम पर रखने का अनुमोदन भी किया है।