कांग्रेस मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को चुनौती देने सुप्रीम कोर्ट जाएगी: जीतू पटवारी
सारांश
मुख्य बातें
भोपाल 10 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जानकारी दी है कि श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से चुने गए विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ द्वारा शून्य घोषित किए जाने के निर्णय के खिलाफ कांग्रेस आज सर्वोच्च न्यायालय में अपील दायर करेगी।
पटवारी ने ग्वालियर खंडपीठ के फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला भाजपा की खरीद-फरोख्त और उसके चाल-चरित्र को उजागर करता है।
उन्होंने भाजपा पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की सोच घृणित है, जो यह सवाल उठाती है कि विजयपुर से एक आदिवासी विधायक कैसे चुना गया।
पटवारी ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा आदिवासी नेता प्रतिपक्ष की “औकात” पूछना उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। यही व्यवहार मुकेश मल्होत्रा के साथ किया गया है। कांग्रेस की आगामी रणनीति का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस आज ही सुप्रीम कोर्ट जाएगी।
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तंखा कांग्रेस की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करेंगे। पटवारी ने न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि मुकेश मल्होत्रा पुनः जनता के समर्थन से चुने जाएंगे। उन्होंने आदिवासी समाज से जुड़े भाजपा के सांसदों, विधायकों और बूथ कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बताएं कि क्या यह भाजपा का कृत्य सही है।
पटवारी ने कहा कि भाजपा की सोच ने देश को कलंकित कर दिया है और आदिवासी समाज के साथ लगातार कुठाराघात किया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि यह केवल मुकेश मल्होत्रा के साथ अन्याय नहीं है, बल्कि विजयपुर के मतदाताओं के वोट पर सीधा कुठाराघात है। वे न्यायालय का सम्मान करते हैं, लेकिन जिस न्यायाधीश ने यह फैसला दिया है, वह उचित नहीं है।