नील नितिन मुकेश ने तीन चेक बाउंस होने के बाद 'यूनिवर्सल आइडल' से तोड़े संबंध
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड और एंटरटेनमेंट क्षेत्र में भुगतान से जुड़े विवाद अक्सर सामने आते हैं, लेकिन जब कोई अभिनेता सीधे तौर पर किसी शो और उसके आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाता है, तो वो मामला चर्चा का विषय बन जाता है। हाल ही में अभिनेता नील नितिन मुकेश ने म्यूजिक रियलिटी शो 'यूनिवर्सल आइडल' से अपने संबंध समाप्त करने की घोषणा की है।
नील ने बताया कि आयोजकों द्वारा निर्धारित भुगतान न मिलने और लगातार भरोसा तोड़ने के कारण उन्हें यह कठोर निर्णय लेना पड़ा। अभिनेता ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले को उजागर किया, जिससे इंडस्ट्री में हलचल मच गई है।
नील नितिन मुकेश ने एक बयान में कहा, "मैं 'यूनिवर्सल आइडल' का ब्रांड एम्बेसडर था और इसके लिए एक समझौता हुआ था। लेकिन, शो के आयोजकों एचएमसी इवेंट्स ने जो भुगतान का वादा किया था, वह समय पर नहीं किया गया। आयोजकों ने मुझे पेमेंट के लिए तीन चेक दिए थे, लेकिन तीनों बाउंस हो गए। यह न केवल आर्थिक दृष्टि से नुकसान था, बल्कि यह एक बड़े स्तर पर भरोसे और पेशेवर जिम्मेदारी का उल्लंघन भी था।"
अभिनेता ने आगे कहा, "इस विवाद को सुलझाने के लिए मैंने और मेरी टीम ने कई बार आयोजकों से संपर्क किया। बार-बार बात करने, संदेश भेजने और व्यक्तिगत रूप से समझाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिसके कारण मेरे पास शो से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।"
नील ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की, "अब मैं 'यूनिवर्सल आइडल' से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं हूं। मैं शकील हासन और उनसे जुड़े सभी व्यक्तियों के साथ अपने मौजूदा और भविष्य के सभी संबंध समाप्त कर रहा हूं।"
नील ने अपने बयान में कहा, "मैं यह पोस्ट पारदर्शिता के उद्देश्य से कर रहा हूं, ताकि अन्य लोग भी किसी प्रोजेक्ट से जुड़ने से पहले भुगतान और कमिटमेंट्स की अच्छे से जांच कर लें। मैं कानून के तहत अपने सभी अधिकार सुरक्षित रखता हूं और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटूंगा।"